Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: LIC एजेंट पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान मौत, दामाद ने रची थी हत्या की साजिश, झारखंड से बुलाया था 3 शूटर

छत्तीसगढ़: LIC एजेंट पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान मौत, दामाद ने रची थी हत्या की साजिश, झारखंड से बुलाया था 3 शूटर

अंबिकापुर। अंबिकापुर के रसुलपुर इलाके में दिनदहाड़े 3 हमलावरों ने घर में घुसकर चाकू से LIC एजेंट पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावर पिस्टल लेकर घुसे थे। हमले में बशीरुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए थे । प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना पर सरगुजा IG दीपक कुमार झा, SSP राजेश अग्रवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गये थे। हत्या की साजिश दामाद ने रची थी, जिसे पुलिस ने हिरासत में लिया है। उसने सुपारी देकर झारखंड से शूटरों को बुलाया था। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, रसूलपुर निवासी बशीरुद्दीन (लज्जू) (64 वर्ष) बुधवार सुबह घर पर थे। परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीन अज्ञात हमलावर अचानक घर के भीतर घुसे और मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने बशीरुद्दीन पर चाकू से लगातार ताबड़तोड़ वार किया। उन्होंने बचने के लिए संघर्ष भी किया।

परिजनों के शोर मचाने पर हमलावर भाग निकले। बशीरूद्दीन को तीन बार चाकू मारा गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर गिर गए। उन्हें परिजनों ने मिशन हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां पुलिस केस बताकर इलाज नहीं किया।

परिजनों ने उन्हें फिरदौही हॉस्पिटल में भर्ती किया। हॉस्पिटल में इलाज के दौरान घायल की मौत हो गई।

हिरासत में दामाद, हत्या के लिए बुलाया था शूटर

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, आईजी दीपक झा और एसएसपी राजेश अग्रवाल ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की। परिजनों के अनुसार हमलावर पिस्टल लेकर घुसे थे, हालांकि गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई है।

बशीरूद्दीन की बेटी ने बताया है कि हमलावर उनके ससुराल पक्ष के हो सकते हैं। बशीरूद्दीन की बेटी के ससुराल पक्ष से पीड़ित का विवाद चल रहा था।

पुलिस ने मामले में बशीरूद्दीन के दामाद को तकिया से हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दामाद ने अपनी ससुर की हत्या के लिए सुपारी दी थी। झारखंड से तीन शूटर हत्या के लिए आए थे।

हमले के बाद शूटर हड़बड़ी में अपना बाइक छोड़कर पैदल ही भाग निकले। आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी पुलिस ने जब्त किया है। साबइर सेल की टीम के साथ पुलिस टीम को आरोपियों की तलाश में लगाया गया है।

अंबिकापुर सीएसपी राहुल बंसल ने बताया कि, हमलावरों ने चाकू से हमला किया। गोली चलने के सबूत नहीं मिले हैं। एफएसएल की टीम घटनास्थल पर जांच कर रही है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram