Home » राष्ट्रीय » जम्मू- कश्मीर: CRPF जवानों पर हमला करने वाले 2 आतंकियों का एनकाउंटर, टॉप कमांडर लतीफ भट भी ढेर

जम्मू- कश्मीर: CRPF जवानों पर हमला करने वाले 2 आतंकियों का एनकाउंटर, टॉप कमांडर लतीफ भट भी ढेर

जम्मू। जम्मू- कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है. सोमवार को सेना और जम्मू -कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ में दो आतंकियों को मार गिराया. मारे गए आतंकियों में लश्कर ए तैयबा का कमांडर लतीफ भट भी शामिल है. बताया जा रहा है कि लतीफ भट संगठन का एकमात्र जीवित बचा कमांडर था. इन आतंकियों ने पांच दिन पहले कुलगाम में सीआरपीएफ के जवानों पर करीब 30 राउंड फायरिंग की थी.

घेराबंदी के बाद शुरू हुई मुठभेड़

सुरक्षाबलों को कुलगाम के लारू इलाके में आतंकियों के छिपे होने की जानकारी मिली थी. इसके बाद सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया और चारों तरफ से घेराबंदी कर दी.

तलाशी के दौरान जब जवान संदिग्ध ठिकाने के पास पहुंचे तो वहां छिपे आतंकियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी. सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की. दोनों तरफ से कई घंटों तक गोलीबारी हुई, जिसमें दो आतंकी मारे गए. मुठभेड़ खत्म होने के बाद सुरक्षाबलों ने दोनों के शव अपने कब्जे में लेकर उनकी पहचान की.

जवानों पर हमले के बाद बढ़ाई गई थी सतर्कता

सीआरपीएफ के विशेष महानिदेशक संदीप खिरवार ने बताया कि 11 नवंबर को कुलगाम में हुए हमले के बाद पूरे जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बढ़ा दी गई थी. सुरक्षा एजेंसियों को हमले में शामिल आतंकियों के बारे में कुछ अहम सुराग मिले थे. इसके बाद पूरे केंद्र शासित प्रदेश में अलर्ट जारी किया गया.

सुरक्षाबलों ने आतंकियों को घेरने के बाद उन्हें आत्मसमर्पण करने का मौका भी दिया, लेकिन उन्होंने सरेंडर करने के बजाय फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद जवानों ने जवाबी कार्रवाई की और दोनों आतंकियों को मार गिराया.

11 नवंबर को सीआरपीएफ के तीन जवान हुए थे घायल

दरअसल, 11 नवंबर को कुलगाम जिले के मीर बाजार के पास अखरान में आतंकियों ने एक सुरक्षा चेकपॉइंट को निशाना बनाया था. इस दौरान आतंकियों ने सीआरपीएफ के जवानों पर करीब 30 राउंड फायरिंग की थी, जिसमें तीन जवान घायल हो गए थे.

इस हमले के करीब 24 घंटे बाद आतंकियों ने किश्तवाड़ जिले में दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) बाबी चंद और यशपाल कुमार की हत्या कर दी थी. बताया गया था कि दोनों जवान आतंकवाद विरोधी अभियान में सेना की मदद करने के लिए जा रहे थे.

आतंकी हमलों के बाद सरकार पर उठे थे सवाल

जम्मू-कश्मीर में लगातार हुए इन हमलों के बाद आतंकवाद को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई थी. नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने कहा था कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में हालात सामान्य होने का दावा सही नहीं है.

वहीं, बीजेपी नेता और विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा ने भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए थे. उन्होंने पूछा था कि जब आतंकियों की संख्या तक की सही जानकारी नहीं थी, तो .303 और इंसास राइफलों से लैस दो जवानों को घने जंगल में क्यों भेजा गया? इन हमलों के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था और आतंकवाद से निपटने की रणनीति को लेकर बहस तेज हो गई थी.

Facebook
X
WhatsApp
Telegram