नई दिल्ली। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव‘ के विमोचन कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सार्वजनिक मंच पर पहली बार अपनी गर्लफ्रेंड का जिक्र किया। उन्होंने अपने माता-पिता की मुलाकात से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता की पहली मुलाकात कैम्ब्रिज के वर्सिटी रेस्तरां में हुई थी। कई साल बाद जब वह खुद कैम्ब्रिज पहुंचे, तो उस रेस्तरां को देखने की इच्छा हुई।
गर्लफ्रेंड के साथ पहुंचे थे रेस्तरां
राहुल गांधी ने कार्यक्रम में बताया कि उनके माता-पिता के बारे में कई तरह की कहानियां प्रचलित थीं। इनमें से एक कहानी उनके वर्सिटी रेस्तरां में मिलने की थी। उन्होंने कहा कि कई साल बाद एक बार मैं कैम्ब्रिज गया। मैंने अपनी गर्लफ्रेंड से कहा, ‘चलो वर्सिटी रेस्तरां चलते हैं’। मैं देखना चाहता था कि मेरे माता-पिता की मुलाकात आखिर कहां हुई थी।
मैं रेस्तरां में जाकर बैठ गया। वहां मेरे पास मेन्यू लाया गया। मैंने वहां मौजूद व्यक्ति से कहा, ‘मेरे माता-पिता इसी रेस्तरां में मिले थे’। यह सुनकर उसने मेरी तरफ देखा और कहा, ‘अच्छा, वे दोनों! मैं उन्हें जानता हूं’। मैंने हैरानी से पूछा, ‘आप उनके बारे में क्या जानते हैं?’ उसने कहा, ‘अरे, वे दोनों। मैं बिल्कुल जानता हूं कि आप किनकी बात कर रहे हैं’। जब गर्लफ्रेंड के बारे में पूछा गया, तो राहुल गांधी ने कहा, “वह अब एक दोस्त है।”
‘मां पापा की थीं और पापा मां के’
उन्होंने अपने माता-पिता राजीव गांधी और सोनिया गांधी के रिश्ते को याद करते हुए कहा “मां पापा की थीं और पापा मां के थे।” राहुल ने कहा कि पापा सोनिया गांधी से बहुत प्यार करते थे और उन्हें यह बताना मुश्किल है कि आज वह अपनी मां पर कितना गर्व महसूस करते।
चिकन चासर पर किया मजाक, बोले- प्यार करना है तो यहां जाएं
राहुल गांधी ने रेस्तरां में खाने से जुड़ा मजेदार किस्सा भी सुनाया। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने वहां पूछा कि मेन्यू में क्या अच्छा है, तो उन्हें ‘चिकन चासर’ खाने की सलाह दी गई। राहुल ने कहा कि उन्होंने दो चिकन चासर ऑर्डर कर दिए। इसके बाद मजाकिया अंदाज में बोले, “अगर आपको प्यार करना है तो वर्सिटी रेस्तरां जाइए, लेकिन चिकन चासर कभी मत खाइए। वहां का खाना बहुत खराब है।” उनकी इस बात पर कार्यक्रम में मौजूद लोग हंस पड़े।
देश के लोगों ने सोनिया गांधी को अपनाया
राहुल गांधी ने कहा कि पिता के निधन के बाद उनकी मां के जीवन में एक नया रास्ता खुला और वह देश के लोगों से जुड़ीं। उन्होंने कहा कि वह आलोचना करने वालों की बात नहीं कर रहे, बल्कि गांवों में रहने वाले उन लाखों लोगों की बात कर रहे हैं, जिन्होंने सोनिया गांधी को अपनाया और उन्हें भरोसा दिलाया कि वे उनके अपने हैं।
पिता की हत्या के बाद मां की जिंदगी बदल गई
राहुल गांधी ने कहा कि परिवार ने अपने जीवन में अचानक बड़ा दुख देखा। उन्होंने अपने पिता राजीव गांधी की हत्या और परिवार पर पड़े उसके असर को याद किया। उन्होंने कहा कि किताब का नाम ‘बिलॉन्गिंग’ उनके माता-पिता के रिश्ते को भी दर्शाता है। राहुल के मुताबिक, जब उनके पिता नहीं रहे, तो उनकी मां की जिंदगी में एक नया दौर शुरू हुआ। उन्होंने कहा कि उनकी मां का पहले वाला हंसमुख और मस्ती करने वाला व्यक्तित्व बदल गया, क्योंकि उनके जीवन की सबसे बड़ी रोशनी चली गई थी।
राहुल ने कहा कि लोग उनकी मां को अंतर्मुखी मानते हैं, लेकिन वह पहले ऐसी नहीं थीं। उनकी मां किसी से भी खुलकर बात करती थीं। उन्होंने बताया कि पहले उनकी नानी की मौत और फिर पिता के निधन के बाद सोनिया गांधी के व्यवहार में बदलाव आया।
सोनिया गांधी चार बार कैंसर से लड़ीं: राहुल
राहुल गांधी ने अपनी मां के स्वास्थ्य संघर्ष का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी चार बार कैंसर से जूझ चुकी हैं। राहुल के मुताबिक, उनकी मां इन मुश्किलों को कम करके बताती हैं।
उन्होंने कहा, “मैंने अपनी जिंदगी में उन्हें कभी डरा हुआ नहीं देखा और न ही कभी पीछे हटते देखा।” राहुल ने भावुक होते हुए कहा कि उनके पिता सोनिया गांधी से बहुत प्यार करते थे और आज वह अपनी पत्नी पर बेहद गर्व महसूस करते।
कई विपक्षी दलों के नेता कार्यक्रम में हुए शामिल
दिल्ली के आईटीसी मौर्य होटल में आयोजित इस कार्यक्रम में इंडिया गठबंधन के कई प्रमुख नेता शामिल हुए। इनमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी, झारखंड के मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) प्रमुख हेमंत सोरेन, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय शामिल थे।
इसके अलावा नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला, एनसीपी (एसपी) की नेता सुप्रिया सुले, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी कार्यक्रम में पहुंचे।




