जांजगीर | चांपा थाना क्षेत्र के उच्चभिट्ठी में जमीन बंटवारे के विवाद में बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, करीब नौ डिसमिल जमीन के बंटवारे को लेकर लोचन प्रसाद यादव, गोपी यादव और भरत यादव के परिवारों के बीच विवाद चल रहा था।
इसी रंजिश में भरत लाल यादव का बेटा राजकिरण यादव (23) स्टील का ब्लेड लेकर रमेश यादव के घर में घुस गया। उसने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी और रमेश से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान रमेश के पिता लोचन प्रसाद यादव बीच-बचाव करने पहुंचे। इसी दौरान राजकिरण ने उनके सीने पर जोरदार धक्का दे दिया।
धक्का लगते ही लोचन प्रसाद जमीन पर गिर पड़े और सीने पर हाथ रख लिया। कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर चांपा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। मर्ग जांच, पंचनामा, गवाहों के बयान और शॉर्ट पीएम रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 105, 296, 351(3) और 333 के तहत अपराध दर्ज किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे और उनकी टीम ने राजकिरण को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल किया। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल स्टील का ब्लेड जब्त किया गया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।



