Home » राष्ट्रीय » झारखंड: विधानसभा के सामने पहुंचे छात्र,वाटर कैनन पर किया डांस; स्टूडेंट्स बोले- पानी में भी घोटाला, प्रेशर ही नहीं

झारखंड: विधानसभा के सामने पहुंचे छात्र,वाटर कैनन पर किया डांस; स्टूडेंट्स बोले- पानी में भी घोटाला, प्रेशर ही नहीं

रांची। झारखंड की राजधानी रांची में छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने विधानसभा घेरने जा रहे  छात्रों पर वॉटर कैनन चला दिया। प्रशासन की मंशा थी की स्टूडेंट्स तितर-बितर हो जाएं लेकिन स्टूडेंट्स वहां गमछा लहराकर नाचने लगे। इस दौरान एक छात्र ने कहा- कहां से तितर बितर हों हम लोग।  परीक्षा में भी घोटाला किया और अब पानी में भी, प्रेशर ही नहीं है तो भागे कहां?

रांची में छात्रों का विधानसभा मार्च। कई जगह बैरिकेडिंग लगाई गईं। - Dainik Bhaskar
रांची में छात्रों का विधानसभा मार्च। कई जगह बैरिकेडिंग लगाई गईं।
पुलिस प्रदर्शनकारियों को कंटीले तार की बैरिकेडिंग और वाटर कैनन से रोकने की कोशिश की तो छात्र बैरिकेडिंग पर चढ़कर डांस करते नजर आए।

विधानसभा को चारों तरफ से 6 लेयर की सुरक्षा व्यवस्था की गई है। CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है। वहीं, 9 दिन से भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्रनाथ महतो एंबुलेंस से विधानसभा मार्च में शामिल हुए।
इस बीच भाजपा विधायक भी छात्रों के समर्थन में CM हाउस के सामने धरने पर बैठे, जिन्हें बाद में पुलिस ने वहां से हटा दिया। छात्र झारखंड PSC-SSC की परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर 17 दिन से आंदोलन कर रहे हैं। 6 छात्र भूख हड़ताल पर हैं।

छात्रों की ओर से यह विधानसभा कूच ऐसे वक्त में हो रहा है जब सदन का मॉनसून सत्र जारी है।विधासभा के सत्र की कार्यवाही जारी है।

विधानसभा की दीवार तक पहुंचे आंदोलनकारी छात्र

हजारों की संख्या में छात्र पुलिस बल को खदेड़ते हुए विधानसभा की तरफ लगातार बढ़ रहे हैं। खबर लिखे जाने तक छात्र विधानसभा की दीवार तक पहुंच गए थे। छात्र खेतों से होते हुए विधानसभा की तरफ बढ़ रहे हैं।

किसी छात्र के साथ अहित न हो

सरकार की ओर से कहा गया है कि छात्रों के आंदोलन के दौरान किसी का अहित न हो और किसी छात्र पर अनावश्यक कार्रवाई न की जाए। घेराव शांतिपूर्ण रखने की भी अपील की गयी है। इस घेराव मार्च को एआईएसएफ और एआईवाईएफ ने भी समर्थन दिया है।

ईडी ने जांच शुरू की

ईडी ने झारखंड में कई भर्ती परीक्षाओं के आयोजन में कथित अनियमितताओं, खासकर जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय एजेंसी ने राज्य पुलिस के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) द्वारा दर्ज प्राथमिकी और कुछ अन्य शिकायतों का संज्ञान लेते हुए धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत जांच शुरू की है।

 

Facebook
X
WhatsApp
Telegram