Home » राष्ट्रीय » टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के दफ्तर पर चला बुलडोजर, भारी पुलिस बल तैनात

टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के दफ्तर पर चला बुलडोजर, भारी पुलिस बल तैनात

कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के सांसद और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के अवैध रूप से बने दफ्तर को ध्वस्त करने के लिए बुलडोजर एक्शन जारी है। इस पांच मंजिला दफ्तर को गिराने के लिए तीन बुलडोजर काम कर रहे हैं। जिला अधिकारियों का आरोप है कि पांच मंजिला इमारत बिना मंजूर बिल्डिंग प्लान के और बिल्डिंग नियमों का उल्लंघन करके बनाई गई थी।

मौके पर बंगाल पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के जवान तैनात थे। एहतियात के तौर पर फायर और इमरजेंसी सर्विस के कर्मचारी भी मौजूद थे। पार्टी का यह ऑफिस अमताला में है, जो अभिषेक बनर्जी के डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र में आता है। इमारत गिराए जाने से पास में जमा बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल था और उन्होंने पार्टी के समर्थन में नारे लगाए।

प्रशासन ने कानून के मुताबिक कार्रवाई की- बीजेपी विधायक

अमताला से बीजेपी विधायक अग्निश्वर नस्कर ने इस कार्रवाई का स्वागत किया और आरोप लगाया कि इमारत बिल्डिंग नियमों का उल्लंघन करके बनाई गई थी। नस्कर ने कहा, “यह ढांचा गैर-कानूनी तरीके से बनाया गया था और प्रशासन ने आखिरकार कानून के मुताबिक कार्रवाई की है।”

Facebook
X
WhatsApp
Telegram