Home » ईरान युद्ध » ट्रम्प बोले- ईरान पर हमला फिलहाल टाला, समझौते की रूपरेखा पर सहमति बनी; सऊदी ने कहा था कार्रवाई रोकने को

ट्रम्प बोले- ईरान पर हमला फिलहाल टाला, समझौते की रूपरेखा पर सहमति बनी; सऊदी ने कहा था कार्रवाई रोकने को

वॉशिंगटन डीसी/तेहरान। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान पर प्रस्तावित सैन्य हमला फिलहाल टाल दिया गया है। उनके मुताबिक, ईरान और कुछ मिडिल ईस्ट देशों की ओर से समझौते का प्रस्ताव आने के बाद यह फैसला लिया गया। ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दावा किया कि अमेरिका ईरान पर बड़े सैन्य हमले के लिए पूरी तरह तैयार था।

उन्होंने दावा किया कि समझौते की रूपरेखा पर सहमति बनी है, जिसमें होर्मुज स्ट्रेट को तुरंत खोलना और ईरान के परमाणु खतरे को खत्म करना शामिल है। ट्रम्प ने यह भी कहा कि इजराइल भी इस फैसले में अमेरिका के साथ है।

इससे पहले एक्सियोस की रिपोर्ट में दावा किया गया था कि सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने ट्रम्प से फोन पर बात कर ईरान पर संभावित बड़े हमले को टालने और संयम बरतने की अपील की थी।

ईरान में सरकार और सेना के समर्थन लगातार 154वीं रात रैली

ईरान में इस्लामिक रिपब्लिक और सशस्त्र बलों के समर्थन में लगातार 154वीं रात भी रैलियां निकाली गईं। राजधानी तेहरान के आजादी स्क्वायर पर बड़ी संख्या में लोग जुटे और सरकार तथा सेना के समर्थन में नारे लगाए।

उत्तरी इराक में ड्रोन हमला, आग लगी

उत्तरी इराक के सुलैमानीया शहर में पेशमर्गा की 70वीं ब्रिगेड मुख्यालय को निशाना बनाकर ड्रोन हमला हुआ है।

इराकी मीडिया शफाक न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, ड्रोन को एयर डिफेंस ने बीच में ही इंटरसेप्ट कर लिया। हालांकि, इंटरसेप्टर का मलबा मुख्यालय के पास गिरा, जिससे वहां भीषण आग लग गई। स्थानीय मीडिया रुडाव ने घटनास्थल के वीडियो भी जारी किए हैं।

फिलहाल किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि, लेबनान के अल मयादीन ने दावा किया कि हमला इराक में ईरान समर्थित समूहों ने किया। वहीं, ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी ने इस ठिकाने को “ईरान विरोधी आतंकियों का मुख्यालय” बताया है।

 

Facebook
X
WhatsApp
Telegram