बैंकॉक। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में शनिवार को एक भीषण हादसा हो गया। बैंकॉक में रेलवे क्रॉसिंग पर मालगाड़ी ने एक सार्वजनिक बस को टक्कर मार दी। इस हादसे में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई। थाई मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह दुर्घटना दोपहर बाद मध्य क्षेत्र में एक हवाई अड्डे के रेल लिंक स्टेशन के पास हुई।
शहर की आपातकालीन सेवाओं के एरावन मेडिकल सेंटर ने बताया कि कम से कम आठ लोग मारे गए और 20 से अधिक लोग घायल हुए। दुर्घटना के वक्त का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसमें देखा जा सकता है कि रेलवे क्रॉसिंग पर वाहनों की एक कतार रुकी हुई थी, तभी एक मालगाड़ी ने सामने खड़ी एक नारंगी रंग की बस को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में आग लगने से पहले कई गाड़ियां भी पटरियों पर घिसटती चली गईं। टक्कर के बाद कई मोटरसाइकिलें और उन पर सवार लोग भी सड़क पर गिर पड़े। बाद में बनाए गए वीडियो में आग पर काबू पाने के बाद बचावकर्मियों का एक समूह जली हुई बस के अंदर जाता हुआ दिखाई दिया।



