Home » विदेश » नेपाल बाढ़ में अब तक 1127 लोगों की मौत, 4800 से ज्यादा की तलाश जारी; एक लड़की ने 17 रिश्तेदारों को खोया

नेपाल बाढ़ में अब तक 1127 लोगों की मौत, 4800 से ज्यादा की तलाश जारी; एक लड़की ने 17 रिश्तेदारों को खोया

काठमांडू। नेपाल में बाढ़ के एक हफ्ते बाद भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। आपदा में लापता लोगों की तलाश के बावजूद कई परिवारों को अपने परिजनों की कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। कई इलाकों में कीचड़ और मलबा जमा होने से राहत कार्य मुश्किल बना हुआ है।

26 अगस्त को आई बाढ़ के बाद अब तक 1127 शव बरामद किए गए हैं, इनमें से 9 शव भारत में मिले हैं। करीब 4800 लोग अभी भी लापता हैं। इनमें 500 विदेशी नागरिक हैं।

नेपाल में सड़क और हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट पर काम कर रहे कई चीनी नागरिक लापता हैं। चीन के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, नेपाल में करीब 100 चीनी नागरिकों का अब तक पता नहीं चला है। नेपाल और चीन के प्रभावित परिवारों की मांग है कि उनके परिजनों की सही और स्पष्ट जानकारी दी जाए।

एक नेपाली लड़की ने बताया कि इस आपदा में उसने अपने परिवार के 17 सदस्यों को खो दिया। बाढ़ प्रभावित बिदुर में विस्थापित परिवार अस्थायी शिविरों में रह रहे हैं, लेकिन उन्हें अब भी दोबारा बाढ़ आने का डर सता रहा है।

काठमांडू में लापता परिजनों की फोटो लगाने में लोगों की मदद करता एक बच्चा।
काठमांडू में लापता परिजनों की फोटो लगाने में लोगों की मदद करता एक बच्चा।
रहवासी इलाकों से बाढ़ के बाद के मलबे को हटाया जा रहा है।
रहवासी इलाकों से बाढ़ के बाद के मलबे को हटाया जा रहा है।

बाढ़ में मृत लोगों के शवों के दफनाया गया है।
बाढ़ में मृत लोगों के शवों के दफनाया गया है।
बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए काठमांडू पहुंचे सोनू सूद

बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद नेपाल में बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए काठमांडू पहुंचे। इस दौरान उन्होंने राहत सामग्री का वितरण किया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।

सोनू सूद ने कहा कि राहत सामग्री में बड़ी संख्या में कंबल और खाद्य सामग्री शामिल है। उन्होंने कहा, “हम बाढ़ पीड़ितों से मिलने और उन्हें राहत सामग्री देने आए हैं। हम उनकी जिंदगी को फिर से पटरी पर लाने की कोशिश करेंगे।”

सोनू सूद ने यह भी कहा कि उनकी टीम आने वाले महीनों में भी नेपाल के लिए राहत सहायता जारी रखने का प्रयास करेगी, ताकि प्रभावित लोगों को लंबे समय तक मदद मिल सके।

काठमांडू पहुंचकर बाढ़ पीड़ित बच्चों से मुलाकात करते सोनू सूद।
काठमांडू पहुंचकर बाढ़ पीड़ित बच्चों से मुलाकात करते सोनू सूद।
नेपाल में शव जलाने की बजाय दफनाए जा रहे

 

नेपाल में बाढ़ के बाद सैकड़ों अज्ञात शवों को जलाने के बजाय दफनाया जा रहा है। ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि शवों के अवशेष सुरक्षित रहें और DNA जांच से पहचान कर परिजनों को सौंपे जा सकें।

दरअसल, पानी और कीचड़ में लंबे समय तक दबे रहने से शवों की हालत बहुत खराब हो चुकी है। कई शव पानी में फूल गए हैं और तेजी से सड़ रहे हैं। इससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया है।

दूसरी तरफ शवगृह और अस्थायी केंद्र भी शवों से भर चुके हैं। ऐसे में प्रशासन के लिए शवों को लंबे समय तक सुरक्षित रखना संभव नहीं है। यही वजह है कि अज्ञात शवों को सामूहिक कब्रों में दफनाया जा रहा है।

नेपाल के 5 लोगों के शव यूपी में मिले

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में गंडक नदी से मिले नेपाल के पांच नागरिकों के शव मंगलवार को सोनौली सीमा पर सौंपे गए। ये लोग नेपाल में आई अचानक बाढ़ में बह गए थे। शव नेपाल पुलिस को सौंपे गए। इनमें दो महिलाएं और तीन पुरुष हैं।

नेपाल के लिए भारत ने भेजी पांचवीं राहत उड़ान

 

नेपाल में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों के लिए भारत ने अपनी पांचवीं सहायता उड़ान रवाना की है।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। इस विमान में 11 सदस्यीय विशेष रेस्क्यू टीम, अत्याधुनिक बचाव उपकरण और 5.5 टन आवश्यक दवाइयां भेजी गई हैं।

इससे पहले भारत चार राहत उड़ानों के जरिए नेपाल को करीब 68.5 टन राहत सामग्री भेज चुका है। इनमें दवाइयां, खाद्य सामग्री, कंबल, स्लीपिंग बैग, तिरपाल, हाइजीन किट, और अन्य जरूरी राहत सामग्री शामिल हैं।

बाढ़ प्रभावित नेपाल के लिए राहत सामग्री लेकर रवाना हुआ भारतीय विमान।
बाढ़ प्रभावित नेपाल के लिए राहत सामग्री लेकर रवाना हुआ भारतीय विमान।
Facebook
X
WhatsApp
Telegram