Home » राजनीति » पूर्व भाजपा नेता अन्नामलाई ने किया नई पार्टी का एलान, कहा- ‘आज से हम एक आंदोलन शुरू करने जा रहे’

पूर्व भाजपा नेता अन्नामलाई ने किया नई पार्टी का एलान, कहा- ‘आज से हम एक आंदोलन शुरू करने जा रहे’

चेन्नई। पूर्व तमिलनाडु भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई ने पार्टी से इस्तीफा देने के बाद अपनी नई राजनीतिक पार्टी बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि वह एक नए राजनीतिक आंदोलन की शुरुआत कर रहे हैं, जो आगे चलकर एक नई पार्टी का रूप लेगा। सोशल मीडिया एक्स के जरिए जनता को संबोधित करते हुए अन्नामलाई ने कहा कि आज से एक नया रास्ता, एक नया आंदोलन और एक नई राजनीतिक यात्रा शुरू हो रही है।

राजनीतिक लक्ष्य पर क्या बोले अन्नामलाई?

उन्होंने कहा कि उनके राजनीतिक लक्ष्य अब पहले से बड़े हो गए हैं और उन्हें अधिक लोगों को साथ लेकर आगे बढ़ना है। अन्नामलाई ने दावा किया कि भाजपा में रहते हुए उन्होंने कभी भी तमिलनाडु की पहचान, संस्कृति और राज्य के जल अधिकारों जैसे मुद्दों पर समझौता नहीं किया।

भाजपा छोड़ने के फैसले पर ये बोले?

भाजपा छोड़ने के अपने फैसले को लेकर उन्होंने कहा कि यह निर्णय उन्होंने पूरी गरिमा और सम्मान के साथ लिया है ताकि तमिलनाडु में एक नई तरह की राजनीति की शुरुआत की जा सके। अन्नामलाई ने बताया कि उन्होंने 4 दिसंबर 2025 को ही पार्टी नेतृत्व को अपने इस्तीफे की इच्छा से अवगत करा दिया था, लेकिन उनसे चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक इंतजार करने को कहा गया।
उन्होंने कहा कि मेरे सामने हमेशा यह द्वंद्व रहा कि मैं पहले भाजपा का कार्यकर्ता हूं या तमिलनाडु का बेटा। आखिरकार मैंने अपने रास्ते पर आगे बढ़ने का फैसला किया। अन्नामलाई ने यह भी घोषणा की कि उनकी नई राजनीतिक पार्टी आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में हिस्सा लेगी।

वहीं, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन को 2 जून को लिखे अपने इस्तीफे के पत्र में उन्होंने कहा था कि वह तमिलनाडु में विकासोन्मुख और सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित राजनीति के अपने दृष्टिकोण को लेकर पार्टी नेतृत्व पर और बोझ नहीं डालना चाहते।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram

203K

Facebook Fans

103K

Followers

203K

Subscriber

113K

Followers