नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन का 34वां दिन है। 20 जून से CJP समर्थक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। आज सुबह भी जंतर-मंतर पर हजारों लोगों की भीड़ इकट्ठा है।
विभिन्न राज्यों से पहुंच रहे लोग
जंतर-मंतर पर ऐसे बहुत लोग हैं, जो कई दिनों से वहां डटे हैं। उप्र, बिहार, महाराष्ट्र, कर्नाटक व हरियाणा समेत कई राज्यों से लोग पहुंच रहे हैं। हर आयु वर्ग की सहभागिता देखने को मिल रही है।
राजनीतिक होता जा रहा विरोध प्रदर्शन
बुधवार को भी सीजेपी के मंच पर माकपा नेता वृंदा करात, सपा के अतुल प्रधान, महाराष्ट्र के शेतकारी संगठन के मनोज जरांगे पाटिल समेत कई नेता पहुंचे और समर्थन दिया।
सरकार से अब बात जंतर-मंतर या किसी तटस्थ स्थल पर ही होगी: सौरव दास
सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि पुलिस ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के आवास पर फिर वार्ता करने का संदेश दिया, लेकिन उन्होंने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया। कहा कि अब बातचीत या तो जंतर-मंतर पर होगी या आसपास किसी तटस्थ स्थल पर। वहीं, एक अन्य प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि हमलोग शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से पहले नहीं हटेंगे।
CJP बोली- वांगचुक ने शांति बनाए रखने की अपील की
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास ने जंतर-मंतर के पास हिंसा की खबरों के बीच सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की नई अपील मीडिया के साथ साझा की।
वांगचुक ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की, क्योंकि कल शाम करीब 8:30 बजे टॉल्स्टॉय मार्ग के पास हिंसा भड़क गई थी। जंतर-मंतर के पास पथराव और बोतलें फेंके जाने की वजह से कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।
दिल्ली के 16 मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद
सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन गुरुवार सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक बंद रहेंगे। इनमें लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, खान मार्केट और जंगपुरा समेत अन्य स्टेशन शामिल हैं।
CRPF की 20 अतिरिक्त कंपनियां तैनात करने के निर्देश
केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल से CRPF की 20 अतिरिक्त कंपनियों को दिल्ली में तैनात करने का आदेश दिया है। गृह मंत्रालय के निर्देश पर करीब 2000 जवानों को पश्चिम बंगाल के कोलकाता से एयरलिफ्ट कर लाया गया।
दोषियों को सजा देने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स बनाए जाएंगे- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने गुरुवार को X पर पोस्ट कर लिखा कि पेपर लीक के मामलों दोषियों को सजा देने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स बनाए जाएंगे। उन्होंने लिखा- देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन
मालूम हो कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जून से कॉकरोच जनता पार्टी NEET पेपर लीक के बाद शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है। 21 जुलाई को नेता विपक्ष राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं ने दिल्ली में पीएम आवास के बाहर धरने पर बैठ गए थे।
जंतर-मंतर पर पुलिस और छात्रों में झड़प
इससे पहले, जंतर-मंतर के पास बुधवार रात 8:30 बजे के करीब छात्रों और पुलिस में झड़प हो गई। पुलिस के मुताबिक, कनॉट प्लेस के टॉल्स्टॉय मार्ग के पास कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर पत्थरों और बोतलों से हमला कर दिया। इस हमले में एसीपी कनॉट प्लेस विवेक भगत घायल हो गए।
जवाब में पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। घटना से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए। जिसमें प्रदर्शनकारियों के हाथ में भी लाठी दिख रही है। वे पुलिसकर्मियों पर हमला कर रहे हैं। हालांकि झड़प करीब 15 मिनट चली। उसके बाद स्थिति सामान्य है।




