नई दिल्ली । फोन पर बात करने से कतराने वाले लोगों के लिए गूगल एक नया और काम का एआई फीचर लेकर आया है। अब गूगल जेमिनी आपकी ओर से रेस्टोरेंट में टेबल बुक कर सकता है, स्टोर में किसी सामान का स्टॉक पूछ सकता है और यहां तक कि ऑटोमेटेड मेन्यू को नेविगेट करते हुए होल्ड पर भी इंतजार कर सकता है। आखिर जेमिनी का यह नया फीचर क्या है और इसे इस्तेमाल करने का तरीका क्या है? आइए जानते हैं।
आजकल ज्यादातर लोग कॉलिंग के बजाय मैसेज करना ज्यादा पसंद करते हैं, लेकिन कई ऐसे काम हैं जहां फोन कॉल के बिना बात नहीं बनती। रेस्टोरेंट में टेबल बुक करनी हो, किसी स्टोर में सामान का स्टॉक पूछना हो या लॉन्ड्री जैसी सर्विस की जानकारी लेनी हो, ऐसे मामलों में कॉल करना जरूरी हो जाता है। इसी झंझट को खत्म करने के लिए गूगल ने कॉल फॉर मी (Call for Me) फीचर की घोषणा की है। जो आपकी ओर से किसी बिजनेस को कॉल कर सकता है और आपकी जरूरत के मुताबिक जानकारी हासिल कर सकता है।
जेमिनी का कॉल फॉर मी फीचर क्या है ?
- कॉल फॉर मी फीचर के जरिए यूजर्स जेमिनी मोबाइल एप से किसी बिजनेस को कॉल करने के लिए कह सकते हैं। गूगल के अनुसार, जेमिनी आपकी तरफ से बिजनेस के बिजनेस आवर्स चेक करने, किसी सर्विस की कीमत पूछने या अन्य जानकारी हासिल करने जैसे काम कर सकता है।
- खास बात यह है कि एआई सिर्फ फोन लगाकर बात खत्म नहीं करेगा, बल्कि कॉल के दौरान ऑटोमेटेड मेन्यू को नेविगेट कर सकता है, बिजनेस स्टाफ से बात कर सकता है और जरूरत पड़ने पर होल्ड पर भी इंतजार कर सकता है। हालांकि गूगल इससे पहले भी कई जैसे डुप्लेक्स और आस्क फॉर मी जैसे एआई कॉलिंग टूल पेश कर चुका है। हालांकि, कंपनी के मुताबिक कॉल फॉर मी को ज्यादा जटिल रिक्वेस्ट को संभालने के लिए तैयार किया गया है।
कॉल फॉर मी फीचर की मदद से यूजर क्या-क्या कर सकता है?
- कॉल फॉर मी की मदद से जेमिनी सिर्फ सामान्य जानकारी ही नहीं, बल्कि कुछ ज्यादा जटिल काम भी कर सकता है। जैसे मान लीजिए, आप किसी हार्डवेयर स्टोर से किसी खास टूल स्टॉक के बारे में पता करना चाहते हैं, तो जेमिनी आपकी इसमें यह पता लगाने में मदद कर सकता है। इसी तरह एआई आपकी ओर से किसी अपॉइंटमेंट को री-शेड्यूल करने के लिए भी बिजनेस से बात कर सकता है।
- कॉल के दौरान जेमिनी खुद का परिचय दे सकता है, ऑटोमेटेड फोन मेन्यू में सही विकल्प चुन सकता है और होल्ड पर इंतजार करने के बाद बिजनेस से बातचीत जारी रख सकता है।
जेमिनी कॉल फॉर मी का इस्तेमाल कैसे करें?
- इस फीचर का इस्तेमाल करने के लिए जेमिनी मोबाइल एप में जाकर अपना प्रॉम्प्ट @Call for me से शुरू करना होगा। इसके बाद आपको एआई को साफ-साफ बताना होगा कि आप उससे क्या काम करवाना चाहते हैं।
- गूगल के अनुसार, प्रॉम्प्ट में जरूरी डिटेल्स देना बेहतर होगा। इसमें तारीख, समय, आपकी पसंद और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक विकल्प भी शामिल किए जा सकते हैं। गूगल ने इसका उदाहरण देते हुए बताया है। जैसे ‘Call [Restaurant Name] and book a table for two at 7 PM tomorrow.’ यानी आप जेमिनी से किसी रेस्टोरेंट में अगले दिन शाम सात बजे दो लोगों के लिए टेबल बुक करने के लिए कह सकते हैं।
कॉल से पहले मिलेगा टास्क का पूरा सारांश
जेमिनी को कॉल करने की अनुमति देने से पहले यूजर उसके टास्क का सारांश देख सकता है। इस सारांश में यह जानकारी शामिल होगी कि एआई किस नंबर पर कॉल करने वाला है और कॉल के दौरान कौन-सी डिटेल्स साझा की जाएंगी।
यूजर इस जानकारी को देखने के बाद जरूरत पड़ने पर बदलाव कर सकता है। सब कुछ सही होने पर जेमिनी को कॉल करने की अनुमति दी जा सकती है।
लाइव ट्रांसक्रिप्ट भी देख सकेंगे
कॉल शुरू होने के बाद यूजर जेमिनी की बातचीत को लाइव ट्रांसक्रिप्ट के रूप में देख सकता है। इसके साथ ही कॉल का ऑडियो भी सुना जा सकता है। गूगल ने यूजर्स को कॉल के दौरान किसी भी समय बातचीत रद्द करने या खुद कॉल का कंट्रोल लेने का विकल्प दिया है। अगर यूजर कॉल का कंट्रोल अपने हाथ में लेता है तो जेमिनी दूसरी तरफ मौजूद व्यक्ति को इसकी जानकारी देगा और कॉल से हट जाएगा।
जेमिनी किन कामों को नहीं कर सकता?
बता दें कि इस फीचर के बावजूद जेमिनी हर तरह की कॉल नहीं कर सकता। गूगल के मुताबिक, यह फीचर इमरजेंसी कॉल नहीं कर सकता और आपकी तरफ से पेमेंट पूरा नहीं कर सकता। इसके अलावा जेमिनी पासवर्ड जैसी संवेदनशील निजी जानकारी भी साझा नहीं कर सकता। इसलिए ऐसे कामों में जहां संवेदनशील जानकारी या भुगतान की जरूरत हो, यूजर को खुद प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
अभी कौन इस्तेमाल कर सकता है?
फिलहाल इस फीचर को कंपनी ने काफी सीमित रखा है। इस फीचर का इस्तेमाल केवल 18 साल या उससे अधिक उम्र के यूजर्स के लिए उपलब्ध है, जो अमेरिका में हैं और उनके पास पिक्सल 11 सीरीज का डिवाइस है।
यह फीचर अभी बीटा में है और फिलहाल केवल पेड जेमिनी एआई सब्सक्रिप्शन वाले यूजर्स के लिए उपलब्ध है। इसके इस्तेमाल पर रोजाना कॉल की संख्या की भी सीमा है। फिलहाल जेमिनी कॉल फॉर मी केवल अमेरिकी फोन नंबरों पर कॉल कर सकता है।
छोटे स्तर पर शुरू किया गया फीचर
- गूगल का कहना है कॉल फॉर मी को फिलहाल छोटे स्तर पर शुरू किया जा रहा है। कंपनी के अनुसार, वास्तविक दुनिया में होने वाली बातचीत काफी जटिल होती है और इसी वजह से व्यापक रोलआउट से पहले फीचर को बेहतर बनाने पर काम किया जा रहा है।
- अगर यह फीचर आगे ज्यादा देशों और डिवाइसों के लिए उपलब्ध होता है, तो रेस्टोरेंट बुकिंग, स्टोर में स्टॉक चेक करने और अपॉइंटमेंट जैसे रोजमर्रा के कई फोन कॉल वाले काम एआई के जरिए किए जा सकते हैं।




