बिलासपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में ट्रैक की मरम्मत और सुरक्षा से जुड़े काम के लिए 3 जुलाई से 17 नवंबर तक हर मंगलवार और शुक्रवार मेगा ब्लॉक रहेगा। इसका असर बिलासपुर जोन से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों पर पड़ेगा।
ब्लॉक के कारण हैदराबाद-रक्सौल, टाटानगर-इतवारी-टाटानगर और बिलासपुर-टाटानगर-बिलासपुर समेत 5 प्रमुख ट्रेनें अलग-अलग तारीखों में 20 से 40 दिन तक रद्द रहेंगी। कुछ ट्रेनें बीच रास्ते से चलाई जाएंगी।
वहीं, कुछ का रूट बदला जाएगा और कई ट्रेनें तय समय से देरी से चल सकती हैं। रेलवे के मुताबिक, चक्रधरपुर मंडल के कंसबहाल और धारुआडीही सेक्शन में अप और डाउन लाइन पर ट्रैक की मरम्मत और सुरक्षा का काम किया जाएगा।
इसी वजह से मेगा ब्लॉक किया जा रहा है। इसका असर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से होकर गुजरने वाली ट्रेनों पर भी पड़ेगा। ऐसे में झारखंड, बिहार, तेलंगाना और महाराष्ट्र जाने वाले यात्रियों को सफर के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर जांच लेने की सलाह दी गई है।
जानिये कब कौन सी ट्रेन रहेगी रद्द
साउथ बिहार एक्सप्रेस बीच रास्ते तक ही चलेगी
आरा-दुर्ग 13288 साउथ बिहार एक्सप्रेस तय तारीखों पर आरा से चलकर राउरकेला तक ही जाएगी। वहीं 13287 दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस दुर्ग के बजाय राउरकेला से रवाना होगी। यानी दोनों ट्रेनें दुर्ग और राउरकेला के बीच रद्द रहेंगी।
इन ट्रेनों का बदलेगा रास्ता
18478 ऋषिकेश-पुरी उत्कल एक्सप्रेस तय तारीखों पर ईब-झारसुगुड़ा रोड-संबलपुर सिटी-कटक मार्ग से चलेगी। वहीं 13288 आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस कुछ विशेष तिथियों पर टाटा-गमहारीया की जगह कांड्रा-सीनी मार्ग से दुर्ग पहुंचेगी।





