नई दिल्ली । NEET पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग और लाठीचार्ज के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन देशभर में जारी है।
NEET पेपर लीक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और लाठीचार्ज के खिलाफ बुलाया गया बिहार बंद अब हिसंक होता जा रहा है। बिहार में आज बंद है। इस दौरान पटना और सीवान सहित 8 जिलों में छात्रों ने पुलिस पर पथराव किया। पथराव से सीवान में SP घायल हो गए। इसके बाद पुलिस को करीब 10 राउंड फायरिंग करना पड़ी। छपरा में छात्रों ने पुलिस वैन में आग लगा दी। पटना में प्रदर्शन में शामिल हुए तेजप्रताप यादव को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
भीड़ को हटाने के लिए पुलिस ने पहले आंसू गैस के गोले दागे गए। 10 राउंड से ज्यादा सीधी फायरिंग हुई है। प्रदर्शनकारी की पत्थर से सीवान एसपी पूरन झा के हाथ में चोट लगी है।
यूपी में शनिवार को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के समर्थन में प्रयागराज, लखनऊ और सहारनपुर समेत कई शहरों में प्रदर्शन हो रहे हैं। प्रयागराज में बारिश के बीच 1000 से ज्यादा छात्र-छात्राएं सड़कों पर उतर आए। सुबह 10 बजे से ही छात्र पत्थर गिरजाघर पर जुटने लगे। थोड़ी देर में जिलाधिकारी (DM) कार्यालय की ओर मार्च निकालेंगे।
दिल्ली में चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में मध्य प्रदेश में भी प्रदर्शन जारी है। 20 जिलों में छात्र, युवा समेत कई लोग आंदोलनरत हैं। यहां धरना, रैली और ज्ञापन दिए जा रहे हैं।
शुक्रवार को इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, धार, मऊगंज, नर्मदापुरम, झाबुआ, सिंगरौली, भिंड, टीकमगढ़, शाजापुर, सतना, सीधी, रतलाम, रीवा, बैतूल, उमरिया, बड़वानी और श्योपुर जिलों में स्टूडेंट्स के प्रदर्शन देखने को मिले।
प्रदेश का सबसे लंबे समय से प्रदर्शन इंदौर में चल रहा है। यहां टंट्या भील चौराहे पर पिछले 25 दिनों से छात्र आंदोलनरत हैं। शुरुआत केवल 5 विद्यार्थियों ने धरने से की थी। अब यहां रोज हजारों प्रदर्शनकारी पहुंच रहे हैं। पुलिस इन पर ड्रोन से लगातार निगरानी रख रही है। प्रदर्शन में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
पंजाब में आज शनिवार को नीट पेपर लीक मामले में Gen-Z सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। जालंधर में बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स डीसी ऑफिस घेरने पहुंचे। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा- हम धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लेकर रहेंगे, तब तक नहीं मानेंगें।
प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड पर है। डीसी कॉम्प्लेक्स के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। डीसी ऑफिस जाने वाले प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है।
मुंबई : तिरंगा विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स शामिल हुए
चेन्नई: स्टूडेंट्स का पोस्टर-बैनर लेकर विरोध प्रदर्शन
कोलकाता: विरोध रैली के दौरान धक्का-मुक्की, प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षाकर्मियों का बचाव किया






