बर्मिंघम। उपकप्तान स्मृति मंधाना (68) की शानदार अर्धशतकीय पारी और रिचा घोष (34) की विस्फोटक बल्लेबाजी के बाद दीप्ति शर्मा के 5 विकेट की बदौलत भारतीय महिला टीम ने रविवार को महिला टी-20 विश्व कप के अपने पहले मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 64 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने छह विकेट पर 170 रन बनाए जवाब में पाकिस्तान टीम 17 ओवर में 106 रन पर ढेर हो गई।
भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शेफाली वर्मा ने पहली ही गेंद पर छक्का लगाया, लेकिन उसी ओवर में छह रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्स भी सिर्फ एक रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। 18 रन पर दो विकेट गिरने के बाद भारतीय टीम दबाव में नजर आ रही थी। ऐसे मुश्किल समय में स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पारी को संभाला।
दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 91 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। पावरप्ले के बाद दोनों बल्लेबाजों ने संयम और आक्रामकता का शानदार संतुलन दिखाया। मंधाना ने अपनी खूबसूरत बल्लेबाजी से दर्शकों का दिल जीत लिया। उन्होंने 44 गेंदों में 68 रन बनाए, जिसमें नौ चौके और दो छक्के शामिल रहे। उन्होंने सिर्फ 34 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। पाकिस्तान ने उन्हें दो जीवनदान भी दिए और मंधाना ने इसका पूरा फायदा उठाया।
हरमनप्रीत ने 35 गेंदों में 36 रन की धीमी लेकिन उपयोगी पारी खेली। हालांकि दोनों के आउट होने के बाद भारत की पारी थोड़ी लड़खड़ा गई। भारती फुलमाली बिना खाता खोले आउट हो गईं और कप्तान हरमनप्रीत भी ज्यादा देर टिक नहीं सकीं।
अंतिम ओवरों में विकेटकीपर बल्लेबाज रिचा घोष ने मैच का रुख बदल दिया। ऋचा ने सिर्फ 17 गेंदों में 34 रन ठोक दिए। खासकर पारी के 19वें ओवर में बाएं हाथ की तेज गेंदबाज तास्मिया रुबाब के खिलाफ 23 रन बटोरकर उन्होंने भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। भारत ने अंतिम दो ओवरों में 38 रन जोड़े।
हाथ न मिलाने की नीति पर कायम भारत
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की नीति को मानते हुए भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस के समय पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना से हाथ नहीं मिलाया। कोलंबो में हुए महिला वनडे विश्व कप मैच के दौरान भी हरमनप्रीत और फातिमा ने हाथ नहीं मिलाया था।
पिछले साल पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद भारतीय सशस्त्र बलों के ‘आपरेशन सिंदूर’ के बाद से दोनों देशों की क्रिकेट टीमों ने टास और मैच के बाद ‘हाथ नहीं मिलाने’ की नीति अपनाई हुई है। इसकी शुरुआत दुबई में हुए एशिया कप के दौरान भारत के पूर्व टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने की थी।
मैच से एक दिन पहले जब मीडिया ने हरमनप्रीत से इस बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि हम यहां क्रिकेट के लिए आए हैं और सिर्फ क्रिकेट के बारे में ही बात करते हैं। इसके अलावा किसी और चीज पर बात नहीं करते।
दीप्ति ने कराई भारत की वापसी
171 रन चेज करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत शानदार रही। इस दौरान भारतीय टीम ने कुछ कैच भी छोड़े। गुल फिरोजा और मुनीबा अली सिद्दीकी के बीच 38 रन की ओपनिंग साझेदारी हुई। इसके बाद दीप्ति शर्मा ने पाकिस्तान को 2 झटके दिए। 5वें ओवर में उन्होंने गुल (12) को और 7वें ओवर में आयशा जफर (12) को पवेलियन भेजा। अगले ही ओवर में श्रीचरणी ने सायरा जबीन (2) का शिकार किया।
विमंस क्रिकेट में सर्वाधिक इंटरनेशनल विकेट
355 – झूलन गोस्वामी (IND)
351* – दीप्ति शर्मा (IND)
335 – कैथरीन साइवर-ब्रंट (ENG)
332 – एलिस पैरी (AUS)
327 – सोफी एक्लेस्टोन (ENG)
318 – शबनीम इस्माइल (SA)
फिफ्टी की ओर बढ़ रहीं सलामी बल्लेबाज मुनीबा अली (41) की पारी पर भी दीप्ति शर्मा ने ब्रेक लगाया। शानदार थ्रो पर दीप्ति ने मुनीबा को रन आउट किया। कप्तान फातिमा सना का तो खाता ही नहीं खुला। नतालिया परवेज (7) भी सस्ते में आउट हुईं।




