क्राइस्टचर्च। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच टी-20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला आज खेला जाएगा। मैच क्राइस्टचर्च में दोपहर 12:30 बजे से शुरु होगा।
इस फॉर्मेट में आखिरी बार दोनों टीमें वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भिड़ी थीं। तब भारत ने अहमदाबाद में 96 रन से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया था।
मैच में भारतीय ओपनर ईशान किशन के पास सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका होगा। वे 7 रन बनाते ही भारत के लिए एक साल में सबसे ज्यादा टी-20 रन बनाने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे।
टी-20 में भारत का पलड़ा भारी
भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 31 टी-20 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 19 मैच जीते हैं, जबकि न्यूजीलैंड को 11 में जीत मिली। एक मुकाबला टाई रहा।
जनवरी 2020 से दोनों टीमों के बीच 20 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से 16 मैच भारत ने जीते हैं।
ईशान ने इस साल 1158 रन बनाए
- ईशान किशन ने 2026 में 34 टी-20 मैचों में 1,158 रन बनाए हैं। उन्होंने इसी साल जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना पहला टी-20 इंटरनेशनल शतक लगाया था। यह इस फॉर्मेट में उनका हाईएस्ट स्कोर भी है।
- गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह इस साल भारत के टॉप विकेट टेकर रहे हैं। उन्होंने 27 मैचों में 35 विकेट लिए हैं।
- उनके अलावा 4 साल बाद टीम में वापसी करने वाले भुवनेश्वर कुमार पर भी निगाहें होंगी। जसप्रीत बुमराह की गैर मौजूदगी में वे गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करेंगे।
न्यूजीलैंड को सइफर्ट और हेनरी से उम्मीदें
- न्यूजीलैंड के लिए ओपनर टिम सइफर्ट ने इस साल 13 मैचों में 429 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 165.63 रहा।
- उनके अलावा दूसरे ओपनर फिन एलन पर भी निगाहें होंगी। घरेलू मैदान पर उनका औसत 35.68 और स्ट्राइक रेट 184.21 का है। वे टीम को फ्लाइंग स्टार्ट दिला सकते हैं।
- गेंदबाजी में मैट हेनरी ने 12 मैचों में सबसे ज्यादा 13 विकेट लिए हैं। उनके साथ लॉकी फर्ग्यूसन और काइल जैमिसन का तेज गेंदबाजी आक्रमण भारतीय बल्लेबाजों को परेशान कर सकता है।
विदेश में सीरीज जीतने पर कप्तान श्रेयस की नजर
सूर्यकुमार यादव की जगह कप्तान बने श्रेयस अय्यर की भारतीय टीम को शुरुआती 2 सीरीज में हार मिली। टीम को आयरलैंड में 2-0 और इंग्लैंड में 4-0 से शिकस्त मिली।
हालांकि इसके बाद टीम ने वापसी करते हुए जिम्बाब्वे दौरे पर 3-0 से जीत दर्ज की। वहीं एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल भी जीता, लेकिन फिर घर पर वेस्टइंडीज से सीरीज 2-2 से बराबर रह गई। इस तरह श्रेयस का बतौर कप्तान परफॉर्मेंस मिलाजुला रहा है।
क्राइस्टचर्च में मिल सकती है तेज गेंदबाजों को मदद
क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में शुरुआती सीजन के कारण तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है। मैच लोकल टाइम के हिसाब से रात 8 बजे शुरू होगा। उस समय तापमान कम रहने की उम्मीद है। रात में ओस पड़ने की संभावना भी है, इसलिए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी चुन सकती है।
दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-11
भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, प्रिंस यादव/वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह।
न्यूजीलैंड: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, टिम सइफर्ट (विकेटकीपर), डेवोन कॉनवे, ग्लेन फिलिप्स, डेरिल मिचेल, माइकल ब्रेसवेल, नाथन स्मिथ, काइल जैमीसन, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन।




