नई दिल्ली। मौसम विभाग ने बताया कि मानसून अगले 7 दिनों में केरलम पहुंच सकता है। देश में भीषण गर्मी के बीच 15 से ज्यादा राज्यों में प्री-मानसून बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश और बिहार में पिछले 24 घंटों में आंधी- बारिश और बिजली गिरने से 48 लोगों की मौत हो गई।
बिहार में पिछले 24 घंटे में आंधी-बारिश और बिजली गिरने से 17 लोगों की मौत हुई है। पटना में बारिश के चलते 4 फ्लाइट डायवर्ट की गईं, जबकि 18 फ्लाइट लेट रहीं। इससे करीब 500 से ज्यादा यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। आज प्रदेश के 25 जिलों में बारिश की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में आंधी-तूफान की वजह से 31 लोगों की मौत हो गई है। सहारनपुर में भारी बारिश के बाद पहाड़ी से तेज बहाव के साथ पानी नीचे आ गया। इससे इनोवा-ट्रैक्टर समेत 10 गाड़ियां बह गईं। आज भी सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट है।
राजस्थान में शनिवार दोपहर को रेतीला तूफान आया। 30 जिलों में आंधी के साथ ओले गिर सकते हैं। एक दिन पहले चूरू, हनुमानगढ़, बीकानेर, सीकर समेत 9 जिलों में तापमान 10 डिग्री तक गिर गया। पंजाब के पठानकोट में शनिवार सुबह ओले गिरे हैं। वहीं, मोहाली में तेज बारिश हुई।

मानसून 7 दिनों में केरलम पहुंचेगा
मौसम विभाग ने बताया कि मानसून अगले 7 दिनों में केरलम पहुंच सकता है। हालांकि विभाग ने इस साल मानसून के सामान्य से कमजोर रहने का अनुमान भी जताया है।
IMD के मुताबिक जून से सितंबर तक देश में औसतन सामान्य से कम बारिश हो सकती है। इस बार मानसून सीजन में 78 सेंटीमीटर बारिश होने का अनुमान है। देश में सामान्य मानसूनी बारिश का औसत 87 सेंटीमीटर माना जाता है।
मौसम विभाग ने कहा कि बिहार, यूपी में सामान्य बारिश हो सकती है, लेकिन बाकी कई हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने की आशंका है। खासकर बारिश पर निर्भर खेती वाले इलाकों में मानसून कमजोर रह सकता है।
अगले दो दिन के मौसम का हाल
31 मई:
- हिमाचल प्रदेश के 10 जिलों में आंधी, बिजली और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। 4 जून तक बारिश जारी रहने का अनुमान है।
- उत्तराखंड में भी हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अनुमान है।

1 जून:
- बिहार में 80 से 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली आंधी और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है।
- IMD ने तमिलनाडु में भी शुक्रवार और शनिवार को बारिश और तेज हवाओं का अनुमान जताया है।





