Home » ईरान युद्ध » मिडिल ईस्ट में अमेरिका के 20 से ज्यादा युद्धपोत तैनात, आज रात बड़ा हमला संभव; ईरान का जवाब- ‘हम तैयार हैं’

मिडिल ईस्ट में अमेरिका के 20 से ज्यादा युद्धपोत तैनात, आज रात बड़ा हमला संभव; ईरान का जवाब- ‘हम तैयार हैं’


तेहरान। अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर खत्म हो चुका है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार को NATO समिट के दौरान कहा कि अमेरिका आज रात ईरान पर फिर से बड़े हमले कर सकता है। उन्होंने इससे पहले कहा था कि अब वह ईरान से कोई डील नहीं करना चाहते।

ट्रम्प ने कहा,”हमने कल रात उन पर बहुत जोरदार हमला किया था और संभव है कि आज रात फिर से हमला करें। ईरान मिडिल ईस्ट में दबाव बनाता रहा है, लेकिन अब ऐसा नहीं रहेगा।”

अमेरिका ने मंगलवार देर रात ईरान के 80 से ज्यादा सैन्य ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक यह कार्रवाई होर्मुज में जहाजों पर हुए हमलों के जवाब में की गई।
दरअसल, ईरान ने मंगलवार को होर्मुज में तीन जहाजों को निशाना बनाया था। ईरान ने बताया कि यह हमले इसलिए किए गए क्योंकि होर्मुज से कमर्शियल जहाज उनके बताए रास्तों से नहीं गुजर रहे थे।

मिडिल ईस्ट में अमेरिका के 20 से ज्यादा युद्धपोत तैनात

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने कहा है कि इस समय मिडिल ईस्ट के अलग-अलग समुद्री इलाकों में अमेरिकी नौसेना के 20 से ज्यादा युद्धपोत गश्त कर रहे हैं।

CENTCOM ने सोशल मीडिया पर कहा कि इन युद्धपोतों की तैनाती का मकसद क्षेत्र में सुरक्षा बनाए रखना है।

ट्रम्प बोले- ईरान पर फिर नौसैनिक नाकेबंदी लग सकती है

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि वह ईरान पर फिर से नौसैनिक नाकेबंदी लगाने पर विचार कर रहे हैं। CNN के मुताबिक, इससे पहले अमेरिका ईरान के तेल कारोबार पर फिर से प्रतिबंध लगा चुका है।

ईरान की संभावित जवाबी कार्रवाई पर ट्रम्प ने कहा, “अगर मौका मिला तो वे समुद्र में बारूदी सुरंगें बिछा सकते हैं, लेकिन ऐसा करना उनके लिए मुश्किल होगा क्योंकि हम उनकी उन छोटी नौकाओं को खत्म कर रहे हैं।”

NATO चीफ बोले- ईरान पर अमेरिकी हमले जरूरी थे

NATO चीफ मार्क रुट ने बुधवार को ईरान पर अमेरिका के हालिया सैन्य हमलों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे तीन कारोबारी जहाजों पर हमलों के बाद अमेरिका की कार्रवाई बिलकुल जरूरी थी।

तुर्किये की राजधानी अंकारा में NATO समिट से पहले रुट ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच हुए 14-पॉइंट समझौता ज्ञापन (MoU) के तहत संघर्ष विराम लागू था, लेकिन ईरान ने उसका उल्लंघन किया।

ट्रम्प की धमकी पर ईरान का जवाब- हम तैयार हैं

ट्रम्प की ओर से ईरान के अहम तेल निर्यात केंद्र खार्ग द्वीप पर हमला करने की चेतावनी के बाद ईरान के पूर्व विदेश मंत्री अली अकबर वेलायती ने कहा कि ईरान पूरी तरह तैयार है और जरूरत पड़ने पर क्षेत्र से अपने दुश्मनों का सफाया करने के लिए कार्रवाई करेगा।

वहीं, ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के प्रवक्ता इब्राहिम रेजाई ने सोशल मीडिया पर लिखा, “हम तुम्हारा इंतजार कर रहे हैं। हम वादा करते हैं कि एक भी अमेरिकी सैनिक जिंदा वापस नहीं जाएगा।”

भारत ने मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव पर चिंता जताई

भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने पश्चिम एशिया में हालिया हमलों और बढ़ते तनाव पर गहरी चिंता जताई है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि हमलों की घटनाओं से क्षेत्र की शांति, सुरक्षा और स्थिरता पर गंभीर असर पड़ सकता है।

भारत ने सभी पक्षों से संयम बरतने, तनाव कम करने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है। साथ ही ऊर्जा आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय व्यापार बिना किसी रुकावट के जारी रखने पर भी जोर दिया है।

भारत ने कहा कि सभी पक्ष बातचीत और कूटनीति का रास्ता अपनाएं, ताकि इस संघर्ष का शांतिपूर्ण और स्थायी समाधान निकाला जा सके।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram