रांची । रांची में जेपीएससी-जेएसएससी को लेकर विरोध-प्रदर्शन जारी है. इस बीच झारखंड छात्र आंदोलन के नेता देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत बिगड़ गई है. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर खुला खत लिखा है और छात्र आंदोलन को लेकर युवाओं से संवाद और विश्वास के साथ मुद्दे का समाधान करने की अपील की है.
बीजेपी ने रांची में प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के ख़िलाफ़ मंगलवार को झारखंड बंद का ऐलान किया है.
झारखंड की राजधानी रांची में सोमवार को विधानसभा मार्च के लिए निकले प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हिंसक टकराव हुआ. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर वाटर कैनन, आंसू गैस और लाठियों का भी इस्तेमाल किया.
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने छात्र-छात्राओं के मार्च के बाद एक ओपन लेटर लिखा, जिसे उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट किया.
सीएम सोरेन ने छात्र आंदोलन को लेकर युवाओं से संवाद और विश्वास के साथ मुद्दे का समाधान करने की अपील की है. उन्होंने शांतिपूर्ण तरीक़े से अपनी मांगें रखने वाले छात्रों के अधिकार का सम्मान करने की बात कही.
देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत बिगड़ी

सोमवार को रांची में छात्रों के प्रोटेस्ट में हिस्सा लेने के दौरान देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत बिगड़ी. कुछ खबरों में डॉक्टरों के हवाले से कहा गया है कि उनके ब्लड शुगर लेवल में गिरावट आई है. अभी उनकी हालत गंभीर है.
इससे पहले, अपनी खराब हालत के बावजूद देवेंद्र नाथ महतो सोमवार को विधानसभा की ओर मार्च कर रहे प्रदर्शनकारियों के साथ शामिल हुए. वह झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की तस्वीर लेकर एम्बुलेंस से विरोध स्थल पर पहुंचे और बाद में स्ट्रेचर पर खड़े होकर लोगों को संबोधित किया. महतो ने पत्रकारों से कहा, “सरकार लाठी, गोली और बंदूक से नहीं चलाई जा सकती. सरकार लोगों को संतुष्ट रखकर चलाई जाती है.”




