Home » दुर्घटना » राजस्थान में खाटू श्याम से लौट रहे वाहन की ट्रक से टक्कर; नौ की मौत, कई घायल

राजस्थान में खाटू श्याम से लौट रहे वाहन की ट्रक से टक्कर; नौ की मौत, कई घायल

कोटा। राजस्थान में कोटा-उदयपुर हाईवे पर रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। शंभूपुरा के पास श्रद्धालुओं से भरी एक क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। मृतक एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। सभी महाराष्ट्र के रहने वाले थे और खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करने के बाद घर लौट रहे थे।

चार गाड़ियों में सवार होकर लौट रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के श्रद्धालु चार अलग-अलग गाड़ियों में सवार होकर यात्रा कर रहे थे। सभी वाहनों में कुल 36 लोग सवार थे। इनमें से तीन गाड़ियां पीछे रह गई थीं, जबकि एक क्रूजर आगे चल रही थी। इसी दौरान शंभूपुरा के पास क्रूजर सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी में सवार लोग अंदर ही फंस गए।

चालक को आई नींद की झपकी, ट्रेलर में जा घुसी गाड़ी

एडीएम प्रशासन राजेश जोशी ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, क्रूजर चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। इसके चलते गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में जा घुसी। हादसे की सूचना मिलते ही एसपी सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

9 लोगों की मौत, घायलों का इलाज जारी

हादसे में 9 लोगों की जान चली गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं, मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। एक ही परिवार के कई लोगों की मौत से शोक का माहौल है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।एक पीड़ित ने बताया, “हम खाटू श्याम से धार की ओर जा रहे थे। रास्ते में हमारी दो गाड़ियां पीछे रह गईं, जबकि तीन गाड़ियां आगे निकल गईं। इसी दौरान हमारे समूह में शामिल एक महिला का फोन आया कि हादसा हो गया है। इसके बाद हम तुरंत घटनास्थल की ओर पहुंचे।”

Facebook
X
WhatsApp
Telegram