रायपुर। रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपने 2 घरेलू मैच खेलेगी। RCB का एक मुकाबला 10 मई को मुंबई इंडियंस के साथ होगा, वहीं दूसरा मुकाबला 13 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ होगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आईपीएल 2026 के दूसरे चरण का शेड्यूल जारी कर दिया है।
ग्रुप स्टेज के बचे हुए 50 मुकाबले 13 अप्रैल से 24 मई 2026 के बीच खेले जाएंगे। ये मैच देश के 12 शहरों- बेंगलुरु, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, दिल्ली, अहमदाबाद, हैदराबाद, लखनऊ, जयपुर, धर्मशाला, रायपुर और न्यू चंडीगढ़ में होंगे। रायपुर के मैदान पर विराट कोहली तो उतरेंगे ही, अब KKR के ओनर शाहरूख खान भी रायपुर आ सकते हैं।
आगामी आईपीएल मैचों को देखते हुए शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में दर्शकों की सुविधाओं में बड़ा इजाफा होने जा रहा है। गोल्ड और प्लैटिनम श्रेणी की सीटों में पहले से कहीं ज्यादा बेहतर सुविधाएं दी जाएंगी, जिससे मैच देखने का अनुभव और शानदार हो जाएगा।
छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ की ओर से वीआईपी सीटों की संख्या बढ़ाने की तैयारी चल रही है। गोल्ड और प्रीमियम टिकट वाली सीटों में इजाफा किया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा क्रिकेट प्रेमी इन श्रेणियों में मैच का मजा ले सकें।
हालांकि स्टेडियम की मौजूदा बैठक व्यवस्था में नई सीटें जोड़ने की गुंजाइश सीमित है, फिर भी आधा दर्जन से ज्यादा नई वीआईपी सीटों की विशेष व्यवस्था करने पर काम चल रहा है। साथ ही, वीआईपी मेहमानों के लिए अलग से सीटों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
सुरक्षा और सुविधा पर विशेष फोकस
छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ के मुताबिक, शेड्यूल के जारी होने के बाद आरसीबी की मैनेजमेंट टीम एक बार फिर रायपुर आएगी और स्टेडियम में चल रही तैयारियों का जायजा लेकर अंतिम प्लान तैयार करेगी। इस बार आरसीबी प्रबंधन ने दर्शकों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
पिछली बार चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुई भगदड़ की घटना से सबक लेते हुए इस बार पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या भगदड़ की स्थिति न बने। रायपुर में भारी संख्या में दर्शक मैच देखने पहुंचते हैं, इसलिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए जा रहे हैं। खासतौर पर स्टार खिलाड़ी विराट कोहली की लोकप्रियता को ध्यान में रखते हुए उनकी सुरक्षा व्यवस्था को बेहद मजबूत रखा जाएगा।



