रायपुर। आईपीएल 2026 के तहत 10 मई को होने वाले बड़े मुकाबले से पहले मुंबई इंडियंस (MI) की टीम राजधानी रायपुर पहुंच गई है। टीम के रायपुर पहुंचते ही एयरपोर्ट पर क्रिकेट फैंस की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। फैंस अपने पसंदीदा खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए काफी उत्साहित नजर आए।
टीम के साथ कप्तान हार्दिक पांड्या और स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा समेत सभी खिलाड़ी रायपुर पहुंचे। खिलाड़ियों के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर जबरदस्त माहौल देखने को मिला, जहां फैंस ने जमकर नारेबाजी की और खिलाड़ियों का स्वागत किया।
रायपुर बना RCB का दूसरा होम ग्राउंड
बता दें कि रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने इस सीजन के लिए अपना दूसरा होम ग्राउंड बनाया है और यहां आईपीएल 2026 के दो अहम मुकाबले खेले जाएंगे। 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच भिड़ंत होगी, जबकि 13 मई को आरसीबी का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से होगा। खास बात यह है कि इस बार आरसीबी अपने घरेलू मुकाबले रायपुर में खेलेगी, जो पहली बार हो रहा है।
मुकाबले के लिए शुरू हो चुकी है टिकट बुकिंग
गौरतलब है कि मैच के टिकट RCB की आधिकारिक वेबसाइट shop.royalchallengers.com पर ऑनलाइन उपलब्ध हैं। टिकट की कीमत ₹2,500 से शुरू होकर ₹8,000 या उससे अधिक (VIP/कॉर्पोरेट) तक रखी गई है। 10 मई के मैच के टिकट तेजी से बिक रहे हैं, जबकि 13 मई के मुकाबले के लिए बुकिंग 4 मई से शुरू हो चुकी है।
10वीं और 12वीं बोर्ड के मेधावी छात्रों को दिखाया जाएगा मैच
इस आयोजन को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार ने भी खास पहल की है। 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में मेरिट सूची में आने वाले मेधावी छात्रों को 10 मई का मैच मुफ्त में दिखाने का फैसला लिया गया है।
स्टेडियम में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
स्टेडियम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। सीसीटीवी कैमरों और अन्य आधुनिक सुविधाओं के साथ मैदान को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि मैच के दौरान किसी भी तरह की परेशानी न हो। रायपुर में होने वाले इन मुकाबलों को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है और शहर पूरी तरह से क्रिकेट के रंग में रंग चुका है।




