Home » क्रिकेट » रायपुर: मुंबई ने बेंगलुरु को 167 रन का टारगेट दिया, तिलक का अर्धशतक, नमन ने 47 रन बनाए; भुवनेश्वर ने 4 विकेट लिए

रायपुर: मुंबई ने बेंगलुरु को 167 रन का टारगेट दिया, तिलक का अर्धशतक, नमन ने 47 रन बनाए; भुवनेश्वर ने 4 विकेट लिए

रायपुर । IPL में मुंबई इंडियंस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 167 रन का टारगेट दिया है। बेंगलुरु ने रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले बॉलिंग का फैसला किया। मुंबई ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 166 रन बनाए।

मुंबई के लिए तिलक वर्मा ने अर्धशतक लगाया। उन्होंने 42 बॉल पर 57 रन की पारी खेली। उनके अलावा नमन धीर ने 47 रन बनाए। बेंगलुरु के लिए भुवनेश्वर कुमार ने 4 विकेट लिए।

आउट होकर पवेलियन लौटते रोहित शर्मा।
आउट होकर पवेलियन लौटते रोहित शर्मा।
हार्दिक नहीं खेल रहे

मुंबई इंडियंस के रेगुलर कप्तान हार्दिक पंड्या आज बेंगलुरु के खिलाफ नहीं खेल रहे हैं। वे पिछले मैच में भी टीम का हिस्सा नहीं थे। उनकी जगह सूर्यकुमार यादव टॉस के लिए मैदान पर आए।

भुवनेश्वर कुमार का कहर

मुंबई पर भुवनेश्वर कुमार कहर बनकर बरसे हैं। उन्होंने पहले रेयान रिकेल्टन को पवेलियन की राह दिखाई। इसके बाद रोहित शर्मा (22) को आउट किया। टीम को तीसरा झटका भी उन्होंने ही दिया। इस मैच में हार्दिक की जगह कप्तानी कर रहे सूर्यकुमार यादव खाता भी नहीं खोल सके।

रिकल्टन 2 रन बनाकर आउट

भुवनेश्वर ने अपने अनुभव का शानदार नमूना पेश करते हुए रयान रिकल्टन को जल्दी पवेलियन भेज दिया। भुवनेश्वर ने लगातार विकेट-टू-विकेट गेंदबाजी की और पिच की अतिरिक्त उछाल का बेहतरीन इस्तेमाल किया। रिकल्टन बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में टाइमिंग नहीं कर सके और गेंद सीधा मिड-ऑफ पर खड़े रजत पाटीदार के हाथों में चली गई।

भुवनेश्वर ने तीसरे ओवर में लगातार दो विकेट लिए

तीसरे ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने एक ही ओवर में दो विकेट लिए। पांचवीं बॉल पर पहले उन्होंने शानदार नकल बॉल पर रोहित शर्मा को विकेटकीपर जितेश शर्मा के हाथों कैच कराया। इसके बाद अगली ही गेंद पर सूर्यकुमार यादव को स्लिप में खड़े विराट कोहली ने शानदार लो कैच पकड़कर पवेलियन भेज दिया।

तिलक वर्मा का कैच छूटा

छठे ओवर में तिलक वर्मा को जीवनदान मिला। रसिख सलाम की शानदार स्लोअर गेंद पर तिलक का टॉप एज मिडविकेट की ओर गया, लेकिन सुयश शर्मा आसान कैच नहीं पकड़ सके। गेंद उनके हाथों और पैरों के बीच से निकल गई। इससे पहले ओवर में एक मिसफील्ड भी हुई थी।

नमन धीर को रसिक ने बोल्ड किया

रसिक सलाम ने शानदार वापसी करते हुए नमन बोल्ड को बोल्ड कर दिया। बैक ऑफ लेंथ गेंद पिच से तेजी से स्किड हुई और नमन सही टाइमिंग नहीं कर सके। वे 32 गेंदों में 47 रन बनाकर आउट हुए।

तिलक ने 37 बॉल पर अर्धशतक लगाया

तिलक वर्मा ने दबाव के बीच शानदार बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। रसिख सलाम की बैक ऑफ लेंथ गेंद को तिलक ने पॉइंट के गैप में चौके के लिए भेजा। लगातार विकेट गिरने के बावजूद तिलक एक छोर संभालकर खड़े रहे और एक बार फिर मुंबई की पारी को संभालने का काम किया।

स्कूप शॉट खेलने के कोशिश में तिलक आउट
भुवनेश्वर कुमार ने बेहद अहम मौके पर तिलक का विकेट लेकर बेंगलुरु को बड़ी सफलता दिलाई। तिलक स्कूप शॉट खेलने के लिए ऑफ स्टंप के बाहर गए, लेकिन गेंद बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर सीधे लेग स्टंप से जा टकराई। तिलक ने 42 गेंदों में 57 रन की शानदार पारी खेली, जिस पर दर्शकों ने भी तालियां बजाकर उनका स्वागत किया।

हेजलवुड ने राज बावा को कैच कराया

19वें ओवर में जोश हेजलवुड को पहला विकेट मिला। उन्होंने ओवर की आखिरी बॉल पर राज बावा को कप्तान रजत पाटीदार के हाथों कैच कराया। राज बावा 16 रन बनाकर आउट हुए।

20वें ओवर से महज 5 रन आए

मुंबई की पारी के आखिरी ओवर में रसिख सलाम ने महज 5 रन दिए। इस ओवर में कोई बाउंड्री नहीं आई। इन 5 रनों के सहारे मुंबई ने 20 ओवर में 166 रन बनाए और बेंगलुरु को 167 रन का टारगेट दिया।


दोनों टीमों की प्लेइंग-11
बेंगलुरु: विराट कोहली, जैकब बेथेल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा, रसिख सलाम।

मुंबई: रोहित शर्मा, रयान रिकलटन (विकेटकीपर), नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, विल जैक्स, राज बावा, कॉबिन बॉश, दीपक चाहर, एएम गजनफर, जसप्रीत बुमराह।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram