Home » क्रिकेट » ‘रोहित-विराट रहें या नहीं, कोई परेशानी नहीं’, पूर्व भारतीय दिग्गज के बयान से मची हलचल, विश्व कप को लेकर कही बड़ी बात

‘रोहित-विराट रहें या नहीं, कोई परेशानी नहीं’, पूर्व भारतीय दिग्गज के बयान से मची हलचल, विश्व कप को लेकर कही बड़ी बात

नई दिल्ली। भारत के दो दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली के वनडे भविष्य को लेकर लगातार चर्चा हो रही है। 2027 वनडे विश्व कप में अब करीब एक साल का समय बचा है और टूर्नामेंट शुरू होने तक रोहित 40 जबकि विराट 39 साल के हो जाएंगे। ऐसे में दोनों के विश्व कप में खेलने को लेकर सवाल बने हुए हैं। इसी बीच पूर्व भारतीय ऑलराउंडर संदीप पाटिल ने टीम की बेंच स्ट्रेंथ का जिक्र करते हुए बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि अगर भविष्य में रोहित और विराट टीम का हिस्सा नहीं रहते हैं, तो भी भारतीय टीम के सामने बड़ी समस्या नहीं होगी।

’रोहित-विराट रहें या नहीं, कोई परेशानी नहीं’

पाटिल ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों का भविष्य कई चीजों पर निर्भर करेगा। इनमें उनकी खुद खेलने की इच्छा, फिटनेस और चयनकर्ताओं की रणनीति शामिल है। उन्होंने कहा, ‘यह इन दोनों खिलाड़ियों पर निर्भर करता है। क्या वे खेलना जारी रखना चाहेंगे? क्या वे अपनी फिटनेस बनाए रख पाएंगे? चयनकर्ताओं की रणनीति क्या है? क्या चयनकर्ता भविष्य को ध्यान में रखकर आगे बढ़ रहे हैं? मौजूदा खिलाड़ियों के साथ हमें हमेशा यह भी देखना होगा कि अगर इन खिलाड़ियों को टीम से बाहर करने का समय आता है तो क्या हमारे पास उनकी जगह लेने के लिए कोई मजबूत खिलाड़ी है।’ पाटिल ने आगे कहा, ‘भारतीय टीम की बेंच स्ट्रेंथ को देखते हुए, जिसके बारे में मैंने अभी बात की, मुझे नहीं लगता कि कोई समस्या होगी, चाहे विराट या रोहित टीम में हों या नहीं।’

दोनों दिग्गजों को बताया ‘लीजेंड’

हालांकि, पाटिल ने रोहित और विराट के योगदान की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि दोनों लंबे समय से भारतीय क्रिकेट का हिस्सा रहे हैं और उन्हें दिग्गजों के रूप में याद किया जाएगा। पाटिल ने कहा, ‘ये दोनों खिलाड़ी कई वर्षों से टीम के साथ हैं और उन्हें लीजेंड के तौर पर देखा जाएगा। रोहित शर्मा सफेद गेंद के क्रिकेट में शानदार खिलाड़ी रहे हैं। जहां तक विराट की बात है, उनके बारे में मैं जितना कहूं, उतना ही कम होगा।’

वेस्टइंडीज सीरीज में दोनों टीम का हिस्सा

फिलहाल रोहित और विराट के वनडे भविष्य पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है। दोनों को वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। शुभमन गिल कप्तान और केएल राहुल उपकप्तान हैं। वनडे सीरीज 27 सितंबर से शुरू होगी। इस टीम चयन के साथ रोहित और विराट के पास 2027 विश्व कप की तैयारियों के बीच वनडे क्रिकेट में अपनी जगह बनाए रखने का एक और मौका होगा।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram