Home » विदेश » वेनेजुएला में 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो भूकंप, 10 हजार मौतों की आशंका, कई इमारतें गिरीं; 126 साल में सबसे बड़ा भूकंप

वेनेजुएला में 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो भूकंप, 10 हजार मौतों की आशंका, कई इमारतें गिरीं; 126 साल में सबसे बड़ा भूकंप

कराकस। वेनेजुएला में बुधवार शाम, यानी भारतीय समयानुसार गुरुवार सुबह दो शक्तिशाली भूकंप आए। अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के मुताबिक, इसमें 10,000 से ज्यादा लोगों की मौत की 44% और 1,00,000 से ज्यादा मौत की 30% आशंका है।

पहले 7.2 और फिर कुछ ही सेकेंड बाद 7.5 तीव्रता का भूकंप आया। दोनों भूकंप राजधानी कराकस से करीब 290 किलोमीटर पश्चिम में आए।

कराकस समेत कई शहरों में इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं। कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया। हालांकि अभी तक सरकार ने किसी मौत के आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए हैं।

स्थानीय मीडिया के अनुसार कराकस एयरपोर्ट की छत का कुछ हिस्सा गिर गया। इससे धूल का बड़ा गुबार उठता दिखाई दिया। यह पिछले 126 साल का सबसे बड़ा भूकंप है, इससे पहले 1900 में 7.7 का तीव्रता का भूकंप आया था।

राष्ट्रपति ने आपातकाल की घोषणा की

राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने बुधवार रात पूरे देश में राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया। उन्होंने डॉक्टरों और नर्सों से तुरंत अस्पताल पहुंचकर घायलों का इलाज शुरू करने की अपील की।

साथ ही कराकस के पास स्थित माइकेतिया अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को अगली सूचना तक बंद रखने का ऐलान किया।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram