अमृतसर। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मधुसूदन उर्फ मैड संधू की बाइक सवार दो हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पिछले कुछ दिनों से जान से मारने की धमकी मिल रही थी। थाना कैंटोनमेंट के लोहारका रोड इलाके में बाइक पर सवार दो अज्ञात हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में भारी दहशत का माहौल बन गया है।
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपित बाइक से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने सारे शहर में नाकाबंदी कर दी, लेकिन आरोपियों का कहीं सुराग नहीं लग सका। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस की सहायता से संधू को एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस, मिले कई अहम सुराग
आरोप है कि मैड संधू को कुछ गरम ख्याली सोशल मीडिया हैंडल्स पर लचर फैलाने पर जान से मार देने की धमकियां दे रहे थे। घटनास्थल पर पहुंचे ADCP श्री वेनिला ने बताया कि यह घटना शाम करीब 6 बजे लोहारका रोड पर घटित हुई है। वारदात को अंजाम देने वालों के खिलाफ कई अहम सुराग मिले हैं पुलिस जांच में जुटी है।
उन्होंने कहा कि मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो अज्ञात हमलावरों ने इन्फ्लुएंसर मैड संधू पर अचानक गोलियां चला दी और वारदात को अंजाम देकर तुरंत मौके से फरार हो गए। मौके पर मौजूद प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि मैड संधू शाम 6:00 बजे अपने आवास ड्रीम सिटी के बाहर सड़क पर किसी काम से गए थे। वहीं, बाइक सवार पहले से घात लगाए हुए बैठे थे। मौका मिलते ही आरोपियों ने उन पर गोलियां बरसानी शुरू कर दी।
इस वजह से मिली थी जान से मारने की धमकी
मैड संधू ड्रीम सिटी कॉलोनी में किराए का घर लेकर रह रहे थे। घर में उनकी वृद्ध मां और एक भाई रहता है। संधू पैसे से सैलून चलाने के अलावा अपना सोशल मीडिया हैंडल ऑपरेट करते थे। उनके कपड़ों और लचर को लेकर उन्हें जान से मार देने की धमकियां मिल चुकी है। संधू कुछ पंजाबी फिल्मों में भी अभिनय कर चुके हैं।




