Home » राष्ट्रीय » हिमाचल में चलती कार पर चट्टान गिरी, 13 की मौत; जमीन धंसने से टूटा पहाड़

हिमाचल में चलती कार पर चट्टान गिरी, 13 की मौत; जमीन धंसने से टूटा पहाड़

शिमला । हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल स्पीति में शुक्रवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की जान चली गई। यह हादसा उदयपुर थाना क्षेत्र में उस समय हुआ जब एक टाटा सूमो वाहन BRO (सीमा सड़क संगठन) की मुख्य सड़क पर कढ़ूनाला-राहौली के पास पहाड़ी से अचानक गिरी भारी चट्टान की चपेट में आ गया। जिसके चलते वाहन में सवार 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। बताया जा रहा है कि पहाड़ी धंसने की वजह से चट्टान का एक बड़ा हिस्सा टूटकर गिर गया।
जो टाटा सूमो (HP-01M-2210) वाहन इस हादसे की चपेट में आया उसमें चालक सहित कुल 15 लोग सवार थे। वाहन को बीर सिंह चला रहे थे। इसी दौरान कढ़ूनाला क्षेत्र में राहौली के पास पहुंचते ही पहाड़ी से अचानक एक बहुत बड़ी चट्टान नीचे सीधे वाहन के ऊपर आ गिरी। हादसा इतना भीषण था कि अधिकांश यात्रियों की मौत मौके पर ही हो गई। इस दौरान चट्टान गिरने से वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

पुलिस-प्रशासन व स्थानीय लोगों ने बचाव अभियान शुरू किया

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान की जा रही है। पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram