छत्तीसगढ़

पाकिस्तान में हिंदू लड़कियां असुरक्षित, सिंध में 10 वर्षीय लड़की की 80 साल के बुजुर्ग से कराई गई शादी

कराची। पाकिस्तान में हिंदू महिलाओं की सुरक्षा लगातार चिंताजनक बनी हुई है। खास तौर से सिंध प्रांत में कई विवाहित महिलाओं और लड़कियों का अपहरण हो चुका है। गत 22 अक्टूबर को दस वर्ष की एक हिंदू लड़की का अपहरण कर 80 वर्षीय बुजुर्ग मुस्लिम के साथ शादी करा दी गई।

जमींदार मुल्ला राशिद के गुंडों ने 10 वर्षीय बच्ची का अपहरण किया और उसे इस्लाम कुबूल करने के लिए बाध्य किया। इसके बाद 80 वर्षीय विधुर मुल्ला राशिद के साथ उसकी शादी करा दी गई। सिंध में ही एक अन्य घटना में विवाहित हिंदू महिला शांति मेघवार का चार हथियारबंद लोगों ने अपहरण कर लिया।

महिला का जबरन कराया गया मतांतरण

महिला का जबरन मतांतरण कराया गया और मंजूर शेख नामक व्यक्ति से उसकी शादी कर दी। महिला की मां ने आरोप लगाया कि एसएचओ इरफान दस्तिकोल ने एफआइआर पंजीकृत नहीं की, क्योंकि वह 5,000 पाकिस्तानी रुपये रिश्वत नहीं दे सकी।

सिंध के शिकारपुर जिले में बाढ़ से विस्थापित नौ वर्ष की एक बच्ची के साथ अज्ञात लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। दो लोगों ने मंगलवार को कराची के क्लिफ्टन इलाके में लड़की को कार में जबरन बिठा लिया और उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद हजरत अब्दुल्ला शाह गाजी की मजार के पास छोड़ दिया। सिंध हाई कोर्ट ने बुधवार को इस घटना पर संज्ञान लेते हुए उपमहानिरीक्षक को 27 अक्टूबर को कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया है।