छत्तीसगढ़

श्रद्धा मर्डर केस : दोस्त बद्री खोलेगा आफताब के कई राज, पुलिस बनाएगी गवाह, हो सकता है दोनों की अहम कड़ी

नई दिल्ली । श्रद्धा हत्याकांड की जांच में पुलिस को पता चला है कि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड से दिल्ली आने के बाद आरोपित आफताब और श्रद्धा छतरपुर में रहने वाले बद्री के घर दो दिन रुके थे। पुलिस सूत्रों का कहना है कि अब मामले में दिल्ली पुलिस आफताब के दोस्त बद्री को गवाह बनाने की तैयारी में है। बद्री को पता है कि आफताब गांजा व अन्य चीजों का नशा करता है। इसीलिए उससे पुलिस आफताब के बारे में जानकारी निकालने की कोशिश कर रही है।

दक्षिणी जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बद्री छतरपुर में अपने परिवार के साथ रहता है। जब आफताब श्रद्धा के साथ उत्तराखंड व हिमाचल प्रदेश घूमने गया था, उसी समय बद्री भी इन जगहों पर घूमने गया हुआ था। वहीं पर इनकी मुलाकात हुई थी। बद्री से बात करने के बाद आफताब व श्रद्धा ने दिल्ली में रहने का मन बनाया था।

बद्री के साथ दिल्ली आए

इनका ये भी मानना था कि मुंबई में नौकरी कम मिलती हैं और दिल्ली में नौकरी की संभावना ज्यादा होती है। ऐसे में ये दोनों बद्री के साथ दिल्ली आ गए थे। बद्री ने इनको छतरपुर में किराए पर मकान दिलाने की बात कही थी। दिल्ली में आने के बाद ये दो दिन बद्री के घर रुके थे। उस समय बद्री के स्वजन कहीं गए हुए थे।

बद्री ने ही दिलाया किराए का मकान

दो दिन बाद बद्री ने इनसे ये कहकर मकान खाली करा लिया था कि उसके स्वजन आने वाले हैं। इसके बाद बद्री ने इनको छतरपुर में किराए पर मकान दिला दिया था। बद्री इनके किराए के मकान में कई बार आया भी था। पुलिस ने बद्री से कई दौर की पूछताछ की है। हालांकि बद्री श्रद्धा की हत्या की बात पता होने से मना कर रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी बद्री से पूछताछ कर उसे सरकारी गवाह बनाने की तैयारी में है।