छत्तीसगढ़

हे राम में विश्वास; श्रीराम में नहीं- RJD प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद के बिगड़े बोल, राम मंदिर पर दिया ऐसा बयान

पटना। राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि नफरत की जमीन पर राम के मंदिर का निर्माण हो रहा है। जगदानंद ने शुक्रवार को राजद प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा पर हमला बोलते हुए यह विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि इंसानियत से भरे इस भारत में उन्मादियों के राम बनेंगे। अयोध्या के इस मंदिर में सबरी के, तुलसी के राम नहीं बल्कि पत्थरों के भीतर कैद एक राम रहेंगे। वो राम लोगों के, गरीबों के, झोपड़ियों में रहने वालों के राम नहीं होंगे। जगदानंद ने कहा कि एक चहारदीवारी में राम को कोई कैद नहीं कर सकता। राम सभी के दिल में हैं।

शबरी की कुटिया में रहते हैं राम

जगदानंद सिंह ने यह भी कहा कि भारत की जनता तो सदियों से रामायण को लेकर बैठी है। सुबह से लेकर शाम तक उसका पाठ करती रहती है। अब भारत राम का नहीं रहेगा, लेकिन भारत में राम का मंदिर जरूर रहेगा। पत्थरों के बीच में राम रहेंगे। हृदय के बीच में कैसे रहेंगे, ये मेरे समझ में नहीं आ रहा है। कण-कण से समेटकर राम उस चहारदीवारी में चले गए। ये किसके राम हैं, इस राम से किसका रिश्ता है।

राजद प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने कहा कि हम और हमारी पार्टी ‘हे राम’ में विश्वास करते हैं ‘श्रीराम’ में नहीं। उन्होंने कहा कि हमारे हृदय में राम है पत्थरों या मंदिरों में नहीं। जगदानंद सिंह ने कहा कि श्री राम ना तो अयोध्या में हैं और ना ही लंका में बल्कि श्री राम शबरी की कुटिया में रहते हैं। वो आज भी वहां मौजूद हैं। अब श्रीराम वाले लोग उन्हें अपने दिल से निकालकर मंदिरों में बैठा रहे हैं।

बता दें कि भारतीय राजनीति में राम मंदिर एक बड़ा मुद्दा रहा है। हालांकि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अयोध्या में मंदिर का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया था। जानकारी के अनुसार, मंदिर निर्माण का काम करीब 60 फीसदी पूरा हो गया है। राम मंदिर ट्रस्ट ने निर्माण कार्य के लिए अगस्त महीने तक की समय सीमा निर्धारित की है।

गुजराल और देवेगौड़ा को प्रधानमंत्री बना चुके हैं लालू, नीतीश को भी दे दिया है आशीर्वाद

राजद प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद ने शुक्रवार को यह भी कहा कि लालू प्रसाद ने आइके गुजराल और एचडी देवेगौड़ा को देश का प्रधानमंत्री बनाया। वह नीतीश कुमार को भी आशीर्वाद दे चुके हैं। राजद प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने यह बात कही।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को देश यात्रा की बात कही थी। इस संबंध में पूछे जाने पर राजद प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नीतीश कुमार को देश का नेतृत्व करने के लिए तो निकलना ही होगा। मुख्यमंत्री की समाधान यात्रा की चर्चा के क्रम में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की इस यात्रा से उनके विरोधी परेशान हैं। मुख्यमंत्री लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।