छत्तीसगढ़

ICC ने किया साल 2022 की बेस्ट टी-20 विमेंस टीम का ऐलान, भारत की 4 खिलाड़ियों ने रोशन किया देश का नाम

नई दिल्ली । आईसीसी (ICC) ने आज यानी 23 जनवरी को साल 2022 की सर्वश्रेष्ठ मेंस और विमेंस टी-20 टीम का ऐलान कर दिया है। बता दें कि भारत की 4 बेटियों ने एक बार फिर परचम लहरा दिया है।

साल 2022 की बेस्ट महिला टी-20 टीम में बल्ले, गेंद और दोनों से जलवा दिखाने वाली 11 महिला खिलाड़ियों को टीम में चुना गया है। इसकी पुष्टि खुद आईसीसी ने की। आइये इस आर्टिकल के जरिए जानते हैं टी-20 की बेस्ट विमेंस टीम में किन खिलाड़ियों का नाम शामिल है।

दरअसल, हाल ही में आईसीसी ने साल 2022 की बेस्ट टी-20 विमेंस टीम को चुना है। जिसमें उन्होंने टीम की कमान न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन को सौंपी है, तो वहीं साल 2022 में बेहतर प्रदर्शन करने वाली 4 भारतीय महिला खिलाड़ियों को टीम में चुना है।

भारतीय खिलाड़ियों में स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना का नाम सबसे पहले हैं, उनके बाद दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष और रेणुका सिंह का नाम शामिल है। साथ ही टीम में ऑस्ट्रेलिया के 3 खिलाड़ी हैं, वहीं न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, इंग्लैंड और श्रीलंका की एक-एक खिलाड़ी है।

साल 2022 में इन 4 भारतीय महिला खिलाड़ी का रहा था शानदार प्रदर्शन

बता दें कि साल 2022 में स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने 33 की औसत और 133.48 के स्ट्राइक रेट से 594 रन ठोके थे। इस दौरान उन्होंने 21 पारियों में 5 अर्धशतक भी जड़े, जिसमें श्रीलंका के खिलाफ महिला एशिया कप के फाइनल मैच का अर्धशतक भी शामिल है।

भारत की स्टार गेंदबाज दीप्ति ने साल 2022 में टी-20 में कुल 29 विकेट चटकाए और वह महिला टी-20 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली तीसरी गेंदबाज बनी।

वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने साल 2022 में 18 मैचों में 259 रन बनाए। इसके अलावा रेणुका ने टी-20 में 6.5 की इकॉनमी रेट से 22 विकेट झटके।

साल 2022: आईसीसी की बेस्ट टी-20 महिला टीम

स्मृति मांधना, बेथ मूनी, सोफी डिवाइन, एश गार्डनर, ताहिला मैक्ग्रा, निदा डार, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, सोफी एक्लेस्टोन, इनोका रणवीरा, रेणुका सिंह।