छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : आज से बढ़ने लगेगा तापमान, गर्मी का होगा एहसास, उत्तरी हवा के प्रभाव से वातावरण में रहेगी ठंडक

रायपुर। मौसम में फिर से बदलाव का दौर शुरू हो गया है। सोमवार को तापमान में बढ़ोतरी का दौर तेज होने जा रहा है। यानी फिर से गर्मी का अहसास होने लगेगा। हालांकि अभी उत्तरी हवा के प्रभाव से वातावरण में ठंडकता बनी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में हवा का आगमन निम्न स्तर पर उत्तर से होने के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट चरम पर है। प्रदेश में सोमवार को न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। साथ ही इसमें वृद्धि का ट्रेंड बनने की प्रबल संभावना जताई गई है। सोमवार को मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

रायपुर के बाद दूसरा ठंडा जिला

अधिकतम तापमान के मामले में रायपुर के बाद राजनांदगांव प्रदेश का दूसरा सबसे ठंडा जिला रहा। दिन का तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के साथ सामान्य से भले ही तीन डिग्री अधिक रहा, लेकिन यह बिलासपुर से दो डिग्री कम ही रहा। रायपुर में रविवार को यह 30.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। दुर्ग में अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री दर्ज किया गया।

प्रमुख शहरों का मौसम

राजनांदगांव 31.0 14.5

रायपुर 30.6 11.8

बिलासपुर 33.0 12.0

दुर्ग 31.9 9.4

मौसम में कोई बदलाव नहीं

मौसम विज्ञानी का कहना है कि प्रदेशभर में सोमवार को मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। जहां रायपुर का सोमवार को अधिकतम तापमान 32.0 और न्यूनतम तापमान 14.0 रहेगा वही पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 32.1 और न्यूनतम तापमान 14.3 रहने की संभावना है।