छत्तीसगढ़

और कितना गिरोगे… फूट फूट कर रोये थे स्मिथ, विराट कोहली ने बचाई थी इज्जत

नई दिल्ली: बात 2018 की है। ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका दौरे पर तीसरे टेस्ट के दौरान बॉल टेम्परिंग की। सलामी बल्लेबाज कैमरून बेनक्रॉफ्ट ने गेंद को सैंडपेपर से रगड़ा। गेंद रिवर्स स्विंग हो, इसलिए बेनक्रॉफ्ट ने ऐसा किया। इसका वीडियो लाइव मैच में चल गया। स्टेडियम पर लगी स्क्रीन पर भी दिखा कि बेनक्रॉफ्ट गेंद को किसी पीली चीज से रगड़ रहे हैं। मैच के बाद तब ऑस्ट्रेलियन कप्तान स्टीव स्मिथ के साथ बेनक्रॉफ्ट प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए। उन्होंने मीडिया के साथ माना कि गेंद को टेंपर करने की कोशिश की थी।

रोने लगे थे स्टीव स्मिथ

स्टीव स्मिथ को भी बॉल टेंपरिंग के बारे में जानकारी थी। इसमें टीम के उपकप्तान डेविड वॉर्नर भी शामिल थे। दोनों को 12-12 महीने के लिए बैन कर दिया गया। इसके साथ ही बेनक्रॉफ्ट पर 9 महीने का प्रतिबंध लगाया गया। ऑस्ट्रेलिया लौटने के बाद स्मिथ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। यहां वह किसी से नजर भी नहीं मिला पा रहे थे। बात करते करते वह फूट फूट कर रोने लगे। बैन के बाद 2019 में स्टीव स्मिथ ने इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की। लेकिन मैच के दौरान फैंस स्मिथ के साथ ही वॉर्नर को खूब परेशान कर रहे थे। फील्डिंग करने के दौरान उन्हें बार-बार बॉल टेंपरिंग की बात याद दिलाई जाती थी।

विराट ने बचाई थी इज्जत

2019 वर्ल्ड कप इंग्लैंड में खेला गया था। इसमें भारत और ऑस्ट्रेलिया का मुकाबला हो रहा था और क्रीज पर स्टीव स्मिथ थे। फील्डिंग करने के दौरान स्टेडियम में मौजूद दर्शक स्मिथ को चिढ़ा रहे थे। वह बार-बार उन्हें बॉल टेंपरिंग की बात याद दिला रहे थे। इस समय क्रीज पर थे उस समय के भारतीय कप्तान विराट कोहली। विराट ने इशारों में दर्शकों से पूछा कि क्या कर रहे हो। इसके साथ ही लोगों से स्मिथ का हौसला बढ़ाने के लिए भी बोला। इसके लिए आईसीसी ने विराट कोहली को सम्मानित भी किया था। उन्हें उस साल का आईसीसी स्पिरिट ऑफ क्रिकेट का अवॉर्ड दिया गया था।