छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : बघेल को आराम दो, भाजपा को काम दो, बस्तर पहुंचे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष, नड्डा बोले- कांग्रेस का नाम ही छलावा

जगदलपुर : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि, कांग्रेस का नाम ही छलावा है। उनका एक-एक नेता लटकाना, भटकाना ही कांग्रेस की नीति है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छलावे के लिए ही बनी है। वो लोगों को भटकाने के लिए बने हैं। उन्होंने कहा कि, छत्तीसगढ़ में भाजपा नेता सागर साहू की हत्या को लेकर कहा कि, जब से कांग्रेस की सरकार आई है, यहां नक्सली हमले बढ़ गए हैं। जब रमन सिंह की सरकार थी तो सुख-चैन था। उन्होंने कहा कि, कल तक मन बहुत उत्साहित था, जो कल रात घटना हुई, उससे मन बहुत द्रवित है। जेपी नड्डा शनिवार को जगदलपुर में सभा को संबोधित कर रहे थे।

भूपेश बघेल सरकार में बढ़े नक्सली हमले
लालबाग मैदान में हो रही जनसभा में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि, क्या ये सच्चाई नहीं है, कि जब से भूपेश बघेल की सरकार आई है, नक्सली हमले बढ़े हैं। यह इनके प्रशासन के बारे में दर्शाता है। जब डॉ. रमन सिंह की सरकार थी तो सुख, शांति, चैन और अमन था। सब लोगों के लिए काम हो रहा था। उन्होंने कहा कि, अब समय आ गया है कि बघेल को आराम दो और भारतीय जनता पार्टी को काम दीजिए। कहा कि, मैं डॉक्टर रमन के माध्यम से यह बताना चाहता हूं कि कांग्रेस का नाम ही छलावा है। कांग्रेस का कोई नेता यह करे तो अचरज की बात ही नहीं है।

उनका लक्ष्य है, फूट डालो और राजनीति करो
नड्डा ने कहा कि, हम विकास के लिए बने हैं, वह विकास को अवरुद्ध करने के लिए बने हैं। हम लोगों के विकास को आगे बढ़ाने के लिए बने हैं, वह लोगों को भटकाने के लिए बढ़े हैं। उनका लक्ष्य है कि फूट-डालो और राजनीति करो। इसमें कोई अचरज की बात नहीं है। हम गर्व और गौरव से कह सकते हैं कि जब अटल बिहारी वाजपेयी प्रधानमंत्री बने तब छत्तीसगढ़ बना। उन्होंने जो कहा था, वह किया। मुझे याद है, जब स्वर्गीय राजीव गांधी और उनका परिवार यहां पिकनिक मनाने आते थे। जब वहां गर्मी ज्यादा हो गई, तो यहां का आनंद लेने आ जाते। कभी यहां के दूर-दराज के इलाकों की सुध नहीं ली।

रमन सिंह सरकार ने पावर कट फ्री स्टेट बनाया
उन्होंने कहा कि, रमन सिंह के समय में जो काम हुआ, उसे बताना चाहता हूं। उजाले का महत्व तभी समझ में आता था, जब अंधेरे में रहे हों। यहां बिजली नहीं आती थी। रमन सिंह सरकार ने छत्तीसगढ़ को पावर कट फ्री स्टेट बनाया। हम छाती ठोककर इस बात को कह सकते हैं। हम आपसे यह कहते हैं कि भूपेश का पावर कट कर दो।  इस राज्य को आगे बढ़ाने का काम करो। जब रमन सिंह ने सरकार संभाली तो उस समय छत्तीसगढ़ का बजट सात हजार करोड़ का था। जब उन्होंने सरकार छोड़ी तो उस समय बजट 83 हजार 169 करोड़ का बजट था। यह है विकास की कहानी। काम करने वालों की कहानी।

मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर की पूजा-अर्चना
इससे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दोपहर में जगदलपुर पहुंचे। यहां एयरपोर्ट से सीधे मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर उन्होंने पूजा-अर्चना की। फिर भाजपा कोर कमेटी की बैठक लेने के बाद लाल बाग मैदान में आयोजित आम सभा को संबोधित करने के लिए रवाना हुए। सभा में पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने भाजपा कार्यकर्ता दिवंगत सागर साहू, बुधराम करटाम, नीलकंठ कक्केम को मौन रहकर श्रद्धांजलि दी। सागर साहू की नक्सलियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद अरुण साव, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।