छत्तीसगढ़

राहुल गांधी को स्मृति ईरानी ने लंदन दौरे से लेकर अदाणी मामले पर घेरा, बोलीं- भारत का विदेशी धरती पर किया अपमान

नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने लंदन दौरे से लेकर अमेठी और अदाणी समूह मामले पर घेरा है। स्मृति ईरानी ने एक टीवी कार्यक्रम में अदाणी-अंबानी के नारों पर कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि मोदी चुप हैं क्योंकि वह प्रधान सेवक हैं। उन्हें हर दिन जहर के घूंट पीने पड़ते हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उनके शासनकाल में अमेठी में खासी प्रगति हुई है। उन्होंने कांग्रेस के चालीस साल के साम्राज्य को तहस-नहस कर दिया है। कांग्रेस अपनी राजनीतिक विरासत को जिस बेताज बादशाह के पीछे लिए घूम रही है, वह सड़कों पर पैदल चल रहा है।

ईरानी ने राहुल गांधी के अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के खिलाफ विदेशी ताकतों को आमंत्रित करने पर भी कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि इसके लिए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष को माफी मांगनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारतीय करदाताओं को आखिर राहुल या कांग्रेस की गलतियों की भरपाई क्यों करनी पड़े? उन्होंने विदेशी धरती पर झूठ बोला है और भारत का अपमान किया है। यह सिर्फ हमारे देश पर हमला नहीं है, बल्कि मोदी पर भी है। आपको क्या लगता है हमारे युवा यह तमाशा चुपचाप देखेंगे।

स्मृति ईरानी ने कहा कि संसद की कार्यवाही सही तरीके से चल रही है, यह पार्टी के नेता हैं जिन्हें उचित आचरण करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि राहुल को संसद में निराधार आरोप लगाने के लिए भी माफी मांगनी चाहिए।