छत्तीसगढ़

भाई राहुल की ढाल बनकर सामने आईं प्रियंका, कहा- शहीद प्रधानमंत्री के बेटे को मीर जाफर कह रहे

नईदिल्ली : कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के समर्थन में उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा उतर आई हैं। इससे पहले भी जब कभी राहुल पर विपक्ष की ओर से कोई हमला हुआ है, प्रियंका ने उसका डट कर मुकाबला किया है। इस बार भी वे अपने भाई की ढाल बनकर सामने आई हैं। शुक्रवार को जैसे ही राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता खत्म होने की खबर आई, प्रियंका ने एक साथ कई ट्वीट में अपनी बात कह दी।

प्रियंका गांधी के ट्वीट की भाषा बता रही थी कि इस बार भाजपा का वार आहत करने वाला है। जब सोनिया गांधी, राहुल के आवास पर पहुंची, तब प्रियंका ने ये ट्वीट किए हैं। उन्होंने लिखा कि नरेंद्र मोदी जी, आपके चमचों ने एक शहीद प्रधानमंत्री के बेटे को देशद्रोही, मीर जाफर कहा। आपके एक मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि राहुल गांधी का पिता कौन है?

इसके बाद प्रियंका ने कई ट्वीट कर दिए। उन्होंने लिखा कि कश्मीरी पंडितों के रिवाज निभाते हुए एक बेटा पिता की मृत्यु के बाद पगड़ी पहनता है, अपने परिवार की परंपरा कायम रखता है। भरी संसद में आपने पूरे परिवार और कश्मीरी पंडित समाज का अपमान करते हुए पूछा कि वह नेहरू नाम क्यों नहीं रखते। उस वक्त आपको किसी जज ने दो साल की सजा नहीं दी। आपको संसद से डिस्क्वालिफाई नहीं किया गया। राहुल जी ने एक सच्चे देशभक्त की तरह अदाणी की लूट पर सवाल उठाया है। नीरव मोदी और मेहूल चौकसी पर सवाल उठाया है।

प्रियंका ने पूछा कि क्या आपका मित्र गौतम अदाणी, देश की संसद और भारत की महान जनता से बड़ा हो गया है कि उसकी लूट पर सवाल उठा तो आप बौखला गए। आप मेरे परिवार को परिवारवादी कहते हैं, जान लीजिए, इस परिवार ने भारत के लोकतंत्र को अपने खून से सींचा है। जिसे आप खत्म करने में लगे हैं। इस परिवार ने भारत की जनता की आवाज बुलंद की है और पुश्तों से सच्चाई की लड़ाई लड़ी है। प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि हमारी रगों में जो खून दौड़ता है उसकी एक खासियत है, आप जैसे कायर, सत्तालोभी तानाशाह के सामने वह कभी नहीं झुका और कभी नहीं झुकेगा। आप कुछ भी कर लीजिए।