छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : राहुल गांधी को बिना जांच सुनाई सजा, रायपुर में कुमारी शैलजा बोलीं- माफी मंगवाने की कोशिश की गई, कल से आयोजन

रायपुर : पूर्व सांसद राहुल गांधी की सदस्यता को कांग्रेस अब फ्रंट फुट पर खेल रही है। देश भर में राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस नेता प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं। इसी के तहत पूर्व केंद्रीय मंत्री और छत्तीसगढ़ की प्रभारी कुमारी शैलजा रायपुर पहुंची हुई हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर लगे आरोपों को बेबुनिया बताया है। कहा कि, राहुल गांधी को संसद में बोलने से रोका गया। उनसे माफी मंगवाने की कोशिश की गई। उनके पत्र तक का जवाब नहीं दिया गया। कुमारी शैलजा ने कोर्ट के आदेश पर भी सवाल उठाया। कहा कि, बिना जांच के ही राहुल गांधी को दो साल की सजा सुना दी गई।

यह भ्रष्टाचार की लड़ाई, जाति की नहीं
पूर्व मंत्री शैलजा ने कहा कि, अदालत की लड़ाई अदालत में लड़ेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि, भाजपा ने इस मुद्दे को गलत तरीके से उठाया। इसके बाद इसके बाद राहुल गांधी के ऊपर कार्यवाही की गई। उन्होंने कहा कि, यह भ्रष्टाचार की लड़ाई है, जाति की नहीं है। भाजपा जातियों के आधार पर समाज को बांटना चाहती है। शैलजा ने मकान खाली करने के नोटिस पर भी जवाब दिया। कहा कि, कानूनी लड़ाई के बावजूद राहुल गांधी का मकान खाली कराने नोटिस दिया गया। भाजपा को मकान खाली कराने की जल्दी है। राहुल गांधी ने मकान खाली करने के लिए चिट्ठी लिख दी है।

विदेश में पीएम के खिलाफ बात नहीं की
वहीं पिछले दिनों कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में दिए राहुल गांधी के बयान और उसको लेकर हुए विवाद पर भी पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा ने पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि, राहुल गांधी ने विदेश में प्रधानमंत्री के खिलाफ बात नहीं की। उन्होंने वहां कहा था कि, लोकतंत्र का मामला है, हम सुलझा लेंगे, लेकिन फिर भी झूठ फैलाया गया। उन्होंने कहा कि, आरएसएस की विचारधारा समाज को बांटने की है। ये धर्म के नाम पर राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस प्रदेश, जिला और राष्ट्र स्तर पर इसकी लड़ाई लड़ेगी। इसके लिए पोस्टकार्ड सम्मेलन किया जाएगा। कल से अप्रैल तक कई आयोजन होंगे।