छत्तीसगढ़

रोहित शर्मा ने MI के लिए जड़ दिया अनोखा दोहरा शतक, एबी डिविलयर्स को भी छोड़ा पीछे

नई दिल्ली । आईपीएल 2023 के 57वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस का आमना-सामना मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हो रहा है। इस मैच में गुजरात टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए रोहित शर्मा और ईशान किशन ने शानदार शुरुआत की।

मैच में कप्तान रोहित शर्मा ने 2 छक्के लगाकर एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की। बता दें कि रोहित शर्मा आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंच गए। उन्होंने मिस्टर 360 डिग्री एबी डिविलियर्स को पीछे छोड़ दिया है।

दरअसल, मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले जा रहे मैच में बल्ले से 18 गेंदों का सामना करते हुए महज 29 रन बनाए, जिसमें कुल 3 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। इस दौरान कप्तान रोहित शर्मा का स्ट्राइक रेट 161.11 का रहा। उन्होंने मैदान पर 2 छक्के जड़ते ही एक खास उपलब्धि अपने नाम की।

बता दें कि रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस के लिए 200 छक्के पूरे किए। इसके अलावा आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले दूसरे बल्लेबाज बने। उन्होंने मिस्टर 360 डिग्री को पीछे छोड़ ये खास मुकाम हासिल किया। रोहित शर्मा ने अपने 239 मैच खेलते हुए अब तक 252 छक्के जड़ दिए है। इस मामले में टॉप पर क्रिस गेल है, जिन्होंने 142 मैचों में 357 छक्के जड़े। रोहित ने एबी डिविलियर्स को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 184 मैच में 251 छक्के जड़े थे।

IPL में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज

क्रिस गेल- 357 छक्के (142 मैच)

रोहित शर्मा- 252 छक्के (239 मैच)

एबी डिविलियर्स- 251 छक्के (184 मैच)

एमएस धोनी- 239 छक्के (245 मैच)

विराट कोहली- 229 छक्के (234 मैच)