छत्तीसगढ़

बिलासपुर : मजदूरों से भरी ट्रैक्टर- ट्रॉली पलटी, एक गर्भवती महिला की मौत, 35 से 40 घायल

बिलासपुर। बिलासपुर जिले से एक बड़ी खबर आ रही है। शनिवार की सुबह मजदूरों से भरी ट्रैक्टर- ट्रॉली पलट गई, जिसमें 35 से 40 मजदूर घायल हो गए हैं। वहीं, इस हादसे में एक गर्भवती महिला मजदूर की मौत हो गई। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की जांच कर रही है। घटना चकरभाठा थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार हरदी निवासी एक किसान ने अपनी खेत की रोपाई कराने के लिए पास के गांव सरवानी से मजदूरों को बुलवाया था। शनिवार की सुबह करीब 50 मजदूर ट्रैक्टर- ट्रॉली में धान की रोपाई के लिए थरहा लेकर निकले थे। सभी मजदूर ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार थे।

बैलेंस बिगड़ने से हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर- ट्रॉली में मजदूरों की संख्या अधिक थी। बारिश के चलते सड़क किनारे गड्‌ढे व कीचड़ भी है। इसी दौरान ट्रैक्टर- ट्रॉली का बेलेंस बिगड़ गया और पलट गई, जिसके बाद मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 35 से 40 मजदूर घायल हो गए। उन्होंने प्राथमिक और बिल्हा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहीं, करीब दर्जन भर मजदूरों को सिम्स में भर्ती कराया गया है।

गर्भवती महिला मजदूर की मौत
ट्रैक्टर में पुरुष और महिला मजदूर सवार थे। हादसे में कई मजदूरों को गंभीर चोंटे आई हैं। वहीं, सरवानी की रहने वाली लक्ष्मी बाई केंवट (22) पति राजेंद्र केंवट को गंभीर हालत में सिम्स लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि लक्ष्मीन बाई गर्भवती भी थी।