छत्तीसगढ़

आईपीएल में रोहित शर्मा 250 मैच खेलने वाले धोनी के बाद बने दूसरे खिलाड़ी, इस मौके पर बनाए कई खास रिकॉर्ड

नई दिल्ली। भारतीय कप्तान और 5 बार के आईपीएल विजेता रोहित शर्मा ने पंजाब किंग्स के खिलाफ एक साथ दो उपलब्धि हासिल की। मैच में उतरते ही रोहित शर्मा आईपीएल 250 मैच खेलने वाले एमएस धोनी के बाद दूसरे खिलाड़ी बने। इसके अवाला बल्लेबाजी करते हुए रोहित शर्मा ने आईपीएल में अपने 6500 रन पूरे किए।

डेक्कन चार्जर्स के साथ रोहित शर्मा ने अपना आईपीएल डेब्यू किया था। एक युवा खिलाड़ी होने से लेकर एमआई के कप्तान बनने तक और उन्हें पांच खिताब दिलाने और उन्हें टूर्नामेंट में संयुक्त रूप से सबसे सफल टीम बनाने तक रोहित ने एक लंबा सफर तय किया है। इस उपलब्धि के बाद, रोहित टूर्नामेंट में 250 मैच खेलने वाले दूसरे खिलाड़ी बने। रोहित से आगे मात्र एमएस धोनी हैं। धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स और राइजिंग पुणे सुपर जायंट्स के साथ कुल 256 आईपीएल मैच खेले हैं।

आईपीएल में सर्वाधिक मैच खेलने वाले खिलाड़ी

  • महेंद्र सिंह धोनी- 256*
  • रोहित शर्मा- 250*
  • दिनेश कार्तिक- 249*
  • विराट कोहली- 244*
  • रविंद्र जडेजा- 232*

आईपीएल में पूरे किए 6500 रन

इस उपलब्धि के अलावा रोहित शर्मा ने इस खास मौके पर एक और रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किया। रोहित शर्मा आईपीएल में 6500 रन पूरे करने वाले चौथे खिलाड़ी बने। विराट कोहली टॉप पर मौजूद हैं। दूसरे नंबर पर शिखर धवन मौजूद हैं।

आईपीएल में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज

  • विराट कोहली- 7624
  • शिखर धवन- 6769
  • डेविड वॉर्नर- 6563
  • रोहित शर्मा- 6508
  • सुरेश रैना- 5528

रोहित ने तोड़ा पोलार्ड का रिकॉर्ड

रोहित शर्मा आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए सर्वाधिक छक्के लगाने वाले पहले खिलाड़ी बने। रोहित ने मुंबई के लिए 224 सिक्स लगाए हैं। रोहित ने कीरोन पोलार्ड को पीछा छोड़ा। रोहित से पहले कीरोन पोलार्ड ने मुंबई के लिए सर्वाधिक 223 सिक्स लगाए थे। हार्दिक पांड्या ने 104 सिक्स लगाए हैं। चौथे नंबर पर मौजूद ईशान किशन ने 103 तो पांचवें नंबर पर मौजूद सूर्यकुमार यादव ने 98 सिक्स जड़े हैं।