छत्तीसगढ़

आईपीएल 2024: बीसीसीआई एक्शन मोड में…, हार्दिक पंड्या पर ठोका जुर्माना, मुंबई इंडियंस के अन्य खिलाड़ी भी लपेटे में

नई दिल्ली: हार्दिक पंड्या के लिए आईपीएल 2024 में कुछ भी ठीक नहीं हो रहा है। आईपीएल की नीलामी से ठीक पहले हार्दिक पंड्या गुजरात टाइटंस से ट्रेड होकर मुंबई इंडियंस पहुंचे। रोहित शर्मा को हटाकर फ्रेंचाइजी ने हार्दिक को अपना नया कप्तान बनाया। तभी से बवाल शुरू हो गया। लीग शुरू हुआ तो स्थिति और खराब हो गई। हार्दिक बैट और बॉल दोनों से फेल हो रहे। मुंबई इंडियंस की टीम एक एक जीत के लिए तरस रही। अभी 10 मैचों में 7 हार के साथ टीम टेबल में 9वें नंबर पर है।

हार्दिक पंड्या पर लगा जुर्माना

लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ उसमें घर में मुंबई इंडियंस को हार झेलनी पड़ी। मुंबई इंडियंस की टीम निर्धारित समय में अपने 20 ओवर नहीं फेंक पाई थी। ऐसे में हार्दिक पंड्या पर 24 लाख का जुर्माना लगाया गया है। बीसीसीआई ने अपने बयान में कहा, ‘स्लो ओवर रेट से संबंधित आईपीएल की आचार संहिता के तहत यह उनकी टीम का सीजन का दूसरा अपराध था, इसलिए पंड्या पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था।

मुंबई के दूसरे खिलाड़ी भी लपेटे में

ऐसा नहीं है कि जुर्माना सिर्फ कप्तान हार्दिक पंड्या पर लगा है। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच में मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा रहे अन्य सभी खिलाड़ी भी लपेटे में आए हैं। इसमें इम्पैक्ट प्लेयर भी शामिल है। इम्पैक्ट प्लेयर सहित प्लेइंग इलेवन के बाकी सदस्यों पर व्यक्तिगत रूप से 6 लाख रुपये या उनकी संबंधित मैच फीस का 25 प्रतिशत, जो भी कम हो का जुर्माना लगाया गया है।

ना बैटिंग चल रही और न ही बॉलिंग

मार्कस स्टोइनिस के अर्धशतक और अपने गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के दम पर लखनऊ सुपर जाइंट्स ने मुंबई इंडियंस को चार विकेट से हरा दिया। पहले गेंदबाजों ने मुंबई को सात विकेट पर 144 रन पर रोक दिया। इसके बाद स्टोइनिस की 45 गेंद में 62 रन की पारी के दम पर लखनऊ ने चार गेंद बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। स्टोइनिस ने अपनी पारी में सात चौके और दो छक्के लगाये।