छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : गर्भवती और उसके मां की बेरहमी से पिटाई, भांजी और बहन को लात-घूसों से मारा, फिर पत्थर से पीटा, अब FIR दर्ज

दंतेवाड़ा I छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा जिले के एक शहर में मामूली विवाद के चलते मामा और उसके परिवार के सदस्यों ने अपनी भांजी और बहन की बेरहमी से पिटाई की है। 8 महीने की गर्भवती भांजी और उसकी मां को लात-घूंसे के साथ डंडे, पत्थर से मारा है। दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुईं हैं। जिनको अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने काउंटर FIR दर्ज की है। मामला किरंदुल थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, किरंदुल शहर के मेन मार्केट में रहने वाले सरोज गुप्ता और उसकी बहन का घर आस-पास में ही है। बताया जा रहा है कि, सरोज गुप्ता अपने घर के बाहर कुछ काम कर रहा था और उसकी गर्भवती भांजी अपने घर के बाहर हाथ में मोबाइल पकड़कर खड़ी हुई थी। यह देख सरोज गुप्ता को लगा कि उसकी भांजी उसका वीडियो बना रही है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि, दोनों पक्षों के परिवार के सदस्य भी बाहर निकल आए और मारपीट शुरू हो गई।

सरोज गुप्ता ने पहले अपनी गर्भवती भांजी का बाल पकड़कर जमीन पर पटका। फिर घसीटने लगा। बीच बचाव करने सरोज की बहन और गर्भवती की मां आई तो उसे भी बुरी तरह मारा। इतना ही नहीं फिर घर से डंडा लेकर आया और दोनों की पिटाई शुरू कर दी। पत्थर से भी उन्हें मारा। सरोज गुप्ता के परिवार के सदस्य भी पिटाई में उसका साथ दिए। वहीं, यह सब देख मौके पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। लेकिन, किसी ने मामला शांत करवाने की कोशिश नहीं की। इस भीड़ के बीच से एक शख्स ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।

बताया जा रहा है कि, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। दोनों पक्षों के खिलाफ थाने में मामला दर्ज किया गया है। इधर, पिटाई से घायल हुईं दोनों महिलाओं को किरंदुल के अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घायल गर्भवती के सिर में गहरी चोट आई है। जिनका इलाज चल रहा है। इस मामले में शहरवासियों का कहना है कि, पुलिस ने FIR के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की है।