छत्तीसगढ़

ओडिशा के एक कलाकार ने पीएम मोदी को दी जन्मदिन की बधाई, बादाम पर लघु चित्र बनाकर दिखाया 7 दशकों का सफर

भुवनेश्वर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 72वें जन्मदिन पर भुवनेश्वर में एक कलाकार ने गुजरात से लेकर नई दिल्ली तक की उनकी सात दशकों की जीवन यात्रा को प्रदर्शित करते हुए बादाम पर एक लघु चित्र बनाया है। कलाकार प्रियंका साहनी ने कहा, ‘पीएम मोदी के 72वें जन्मदिन पर देशभर से लोग बधाई दे रहे हैं। भारत की राष्ट्रपति और ओडिशा की बेटी द्रौपदी मुर्मु ने भी पीएम नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं भेजीं। मैंने शनिवार को उनके 72वें जन्मदिन पर गुजरात से नई दिल्ली तक की उनकी जीवन यात्रा के सात दशकों को दर्शाने वाले बादाम पर पीएम मोदी का लघु चित्र बनाया है।’

गुजरात से नई दिल्ली तक की यात्रा को दर्शाते हैं ये लघु चित्र

साहनी ने अपनी कला के बारे में बताते हुए कहा कि उन्होंने सबसे पहले सात बादामों का उपयोग करके एक भारतीय नक्शा बनाया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बादाम गुजरात से नई दिल्ली तक पीएम मोदी की दस साल की जीवन यात्रा को दर्शाते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के शासन माडल और पिछले आठ वर्षों में सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों के लिए उनकी प्रशंसा की।

पीएम मोदी दुनिया में सबसे अधिक लोकप्रिय

साहनी ने कहा, ‘मैंने बादाम को इसलिए चुना क्योंकि बादाम में सबसे ज्यादा प्रोटीन पाया जाता है और लोगों को ताकतवर बनाता है। मुझे लगता है कि पीएम मोदी न केवल भारत में बल्कि दुनिया में सबसे शक्तिशाली व्यक्ति और नेता हैं। वह हमेशा लोगों के लिए काम करते हैं और दूसरों को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रोत्साहित करते हैं।’ कलाकरा साहनी ने कहा कि पिछले आठ वर्षों के दौरान वह दुनिया भर में सबसे लोकप्रिय नेता बन गए हैं। पीएम मोदी वैश्विक स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने आगे काह कि मैं भगवान जगन्नाथ से प्रार्थना करूंगी कि वह पीएम मोदी पर अपना आशीर्वाद बनाए रखें।

72 साल के हुए पीएम मोदी

मालूम हो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को 72 साल के हो गए। उन्होंने इस दौरान अपने जन्मदिन के अवसर पर नामीबिया से लाए गए चीतों को मध्य प्रदेश के कुनो नेशनल पार्क में छोड़ा। भारत में चीते को साल 1952 में विलुप्त घोषित कर दिया गया था। हालांकि केंद्र सरकार ने भारत में चीते को दोबारा से पुनर्स्थापित करने के लिए प्रोजेक्ट चीता शुरू किया है।