छत्तीसगढ़

डॉक्टर ने कुत्ते को कार से बांधकर घसीटा, मेनका गांधी के फोन करने के बाद दर्ज हुआ केस

जोधपुर I राजस्थान के जोधपुर जिले के एक डॉक्टर क्रूरता की हद पार कर दी। डॉक्टर ने घर में घुसे एक आवारा कुत्ते को अपनी कार से बांधकर करीब 5 किमी तक घसीटा। चलती कार से रस्सी से बंधा कुत्ता इससे लहूलुहान हो गया। सड़क पर गुजर रहे लोगों ने यह नजारा देखा तो हैरान रह गए। लोगों ने डॉक्टर की कार के आगे अपनी बाइक खड़ी की तब जाकर उसने कार रोकी और कुत्ते को छुड़ाया गया। घायल कुत्ते को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। हैरानी की बात यह कि मेनका गांधी के फोन के बाद पुलिस ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ केस दर्ज किया।

https://twitter.com/i/status/1571551818458738688

जानकारी के अनुसार मामला शहर की शास्त्री नगर कॉलोनी का है। महात्मा गांधी अस्पताल में प्लास्टिक सर्जन डॉ. रजनीश गालवा इसी कॉलोनी में रहते हैं। कॉलोनी में घूमने वाला कुत्ता उनके घर में घुस जाता था। रविवार को भी कुत्ता उनके घर में घुस गया। जिससे गुस्साए डॉक्टर गालवा ने कुत्ते के गले में रस्सी से बांधकर अपनी कार में बांध ली। इसके बाद उसे लेकर सड़क पर निकल गए। तेज रफ्तार में चल रही कार के साथ कुत्ता पहले तो भागता रहा फिर घिसटने लगा। कभी वह भागने लगाता तो कभी घिसटने लगता। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। 

शास्त्री सर्किल पर कुत्ते को कार से घसिटता देख कुछ लोगों ने डॉग होम फाउंडेशन के कुलदीप खत्री को सूचना दी। साथ ही डॉक्टर की कार के आगे बाइक लगाकर उन्हें रोका। कुछ देर में ही संस्था के लोग भी एंबुलेंस लेकर पहुंच गए। इस पर डॉक्टर ने हंगामा शुरू कर दिया और पुलिस भी बुला ली। आरोप है कि पुलिस ने भी डॉक्टर का साथ दिया और एंबुलेंस को रोक लिया। जिसके बाद मेनका गांधी ने शास्त्रीनगर थाने के एसएचओ जोगेंद्र सिंह को कॉल किया, तब एंबुलेंस को जाने दिया गया। संस्था की ओर से आरोपी डॉक्टर के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। वहीं, घायल कुत्ते का इलाज किया जा रहा है।