छत्तीसगढ़

स्मृति ईरानी का इशारों में नीतीश पर तंज, कहा- देश में पीएम पद के कई दावेदार, प्रधान सेवक का केवल एक

पटना। केंद्रीय कपड़ा एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा है कि जो व्यक्ति अपने बूते चुनाव नहीं जीत सकता है। जिसे मुख्यमंत्री बनने के लिए समर्थन चाहिए, वह व्यक्ति प्रधानमंत्री बनने के सपने देख रहा है। उन्होंने कहा कि देश में प्रधानमंत्री पद की दौड़ में कई लोग होंगे, लेकिन प्रधान सेवक की रेस में सिर्फ एक व्यक्ति है। स्मृति ईरानी रविवार को पटना में थीं। यहां ज्ञान भवन में मोदी एट द रेट 20 सपने हुए साकार का लोकार्पण कर रही थीं।

मोदी सफलता ही नहीं, समाधान का मंत्र 

ईरानी ने कहा कि इस प्रदेश के राजनीतिक विरोधियों द्वारा बार-बार ऐसे कर्मयोगी पर कटाक्ष होते हैं, जिन्हें राष्ट्र ने सेवक के रूप में स्वीकार किया है। लेकिन, बिहार सहित देश में अपने आचरण को लेकर चर्चित ऐेसे राजनीतिक विरोधियों को सड़कों पर बहा खून नहीं दिखाई देता। राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों का लक्ष्य सिर्फ किसी तरह 2024 में सत्ता हथियाना है। ऐसे लोग खुद एक-दूसरे के सहारे की तलाश में हैं। उन्होंने कहा कि 2024 में फिर हिंदुस्तान पर भाजपा का परचम लहरायेगा। जनता के पूर्ण आशीर्वाद के साथ सेवा गलियारे तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को जुटना चाहिए। ईरानी ने प्रधानमंत्री के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मोदी सफलता ही नहीं, समाधान का मंत्र है। नरेन्द्र मोदी न सिर्फ मंत्र है, मेथड है, बल्कि मिशन भी है। यह मिशन मात्र सफलता का नहीं, जनता की समस्याओं के समाधान का भी है। तरीका सिर्फ गवर्नेंस का नहीं, संगठन को सशक्त करने और भाजपा को यशस्वी पार्टी बनाने का नहीं, बल्कि भारत को विश्व शक्ति बनाने का है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पीएम मोदी ने अपने जीवन काल में जल शक्ति, ऊर्जा शक्ति, रक्षा शक्ति और जन शक्ति की जो परिकल्पना की उसे सरकार में रहते हुए पूरा भी किया।

2014 की तरह 2024 में भी जरूरत होगी वैसी ही लड़ाई की

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और बिहार प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने कार्यकाल में बताया है कि सबका साथ, सबका विकास की कल्पना से ही देश चलेगा। राजनीति का तुष्टिकरण करके चुनाव नहीं जीते जा सकते हैं। तुष्टिकरण से वोट नहीं पाए जा सकते हैं। अपनी पहली बिहार यात्रा पर आए तावड़े ने पार्टी नेताओं-कार्यकर्ताओं को 2024 का संदेश दिया। कहा 2014 में जिस प्रकार लड़कर हम सत्ता में आए आगे फिर उसी लड़ाई की जरूरत है।

बीजेपी सरकार पर नहीं लगा भ्रष्टाचार का आरोप

उन्होंने पार्टी पर किसी समुदाय का विरोधी होने को लेकर लगाए जाने वाले आरोपों को खारिज किया और कहा कि भाजपा की अटल सरकार ने पहली बार डा. अब्दुल कलाम आजाद को राष्ट्रपति बनाया। इसके बाद नरेन्द्र मोदी की सरकार ने बाबा साहेब की कल्पना को सरकार करते हुए रामनाथ कोविंद को और अब अनुसूचित जाति की महिला द्रौपदी मुर्मु को राष्ट्रपति बनाया। उन्होंने कहा कि आठ साल की सरकार के बाद भी कांग्रेस इस सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा सकी। कार्यक्रम के बाद देर शाम प्रदेश भाजपा प्रभार विनोद तावड़े ने पार्टी कार्यालय में आयोजित कोर कमेटी की बैठक में भी हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में बीजेपी के सीनियर लीडर रहे मौजूद

कार्यक्रम को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल ने की। संचालन पूर्व विधान पार्षद किरण घई सिन्हा ने किया। कार्यक्रम में सह प्रभारी हरीश द्विवेदी, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, अश्विनी चौबे, रविशंकर प्रसाद, सुशील कुमार मोदी, क्षेत्रीय संगठन प्रभारी नागेंद्र जी, भीखूभाई दलसानिया, रामकृपाल यादव, अरुण कुमार सिन्हा, नंदकिशोर यादव, शाहनवाज हुसैन, गोपाल नारायण सिंह, ऋतुराज सिन्हा, संजीव चौरसिया समेत अन्य नेता मौजूद रहे।