छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : कार और बाइक में टक्कर, एक की मौत, 2 घायल, रिश्तेदार के यहां से वापस लौट रहे थे घर, तभी हुआ हादसा

दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा जिले में हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत और 2 लोग घायल हुए हैं। सभी अपने रिश्तेदार के यहां से बाइक पर सवार होकर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा हीरानार मोड़ पर हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, कोंडागांव ज़िले के रहने वाले अमेन्द्र कश्यप, कविता पोयाम, भागेश्वरी अपने रिश्तेदार के घर पनेड़ा आए हुए थे। यहां 3-4 दिन रुकने के बाद वे सोमवार को वापस अपने घर जा रहे थे। इस बीच हीरानार मोड़ पर तेज रफ्तार बाइक ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे तीनों दूर जाकर रोड किनारे गिर गए।

हादसे में फरसागुड़ा की रहने वाली कविता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मर्दापाल के अमेन्द्र व बमनी गांव की भागेश्वरी गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को आसपास के लोगों व पुलिस की मदद से गीदम अस्पताल लाया गया। यहां से उन्हें दंतेवाड़ा रेफर किया गया है। इधर हादसे के बाद कार चालक भाग निकला है।

गीदम टीआई सलीम खाखा ने बताया कि जिस कार से बाइक की टक्कर हुई है। वह दंतेवाड़ा की ही है। वाहन किसका है और कौन चला रहा था, इस बारे में पता किया जा रहा है। घायलों की हालत नाजुक है। जिला अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।