रायपुर। प्रदेश में पिछले 3-4 दिनों से बारिश पर ब्रेक लगा हुआ है। अब यूपी में बने लो प्रेशर एरिया के असर से बारिश का सिस्टम फिर एक्टिव होगा। इससे अगले 2 दिन प्रदेश में कई जगह गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बौछारें पड़ सकती हैं। कुछ जगह बिजली गिरने की भी आशंका है।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कुछ हिस्सों में बहुत हल्की बारिश हुई। आज (मंगलवार) भी कुछ जगह हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। फिलहाल किसी जिले के लिए चेतावनी जारी नहीं की गई है। प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 33°C राजनांदगांव में रहा, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.8°C पेंड्रारोड में दर्ज किया गया।
अगले दो दिन बारिश का दौर
इसके असर से अगले दो दिनों में प्रदेश में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी है।
प्रदेश में मानसून सीजन की कुल बारिश सामान्य से 4% कम है। मंगलवार को भी कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
रायपुर में ऐसा रहेगा मौसम
रायपुर में आज (मंगलवार) गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
अंतिम दौर में मानसून का सीजन
छत्तीसगढ़ में मानसून सीजन अब अंतिम दौर में है और 7 सितंबर तक प्रदेश में बारिश का आंकड़ा सामान्य से थोड़ा कम है। 1 जून से 7 सितंबर तक प्रदेश में 950.6 मिमी (37.42 इंच) बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश 990.8 मिमी (39.01 इंच) होनी चाहिए थी। यानी बारिश 4% कम हुई है।
बलरामपुर में औसत से 70 प्रतिशत ज्यादा बारिश
हालांकि जिलों की स्थिति देखें तो तस्वीर एक जैसी नहीं है। कुछ जिलों में सामान्य से काफी ज्यादा बारिश हुई है, जबकि कुछ जिले अब भी बारिश की कमी से जूझ रहे हैं। बलरामपुर में सामान्य से 70% ज्यादा बारिश हुई है, वहीं बेमेतरा में 41% की कमी है।
सीजन में अब तक सबसे ज्यादा बारिश बलरामपुर में 1436.7 मिमी (56.56 इंच) दर्ज हुई है। यहां सामान्य बारिश 846.1 मिमी (33.31 इंच) होती है। इस हिसाब से जिले में सामान्य से 70% ज्यादा पानी गिर चुका है।
सारंगढ़-बिलाईगढ़, रायपुर में भी बारिश के आंकड़े अच्छे
इसके बाद सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 1105 मिमी (43.50 इंच), मुंगेली में 1054.1 मिमी (41.50 इंच), रायपुर में 1050.6 मिमी (41.36 इंच) और बालौदा बाजार में 967.2 मिमी (38.08 इंच) बारिश हुई है।
बेमेतरा में सबसे कम 539.9 मिमी पानी
सबसे कम बारिश बेमेतरा में 539.9 मिमी (21.26 इंच) हुई है। यहां सामान्य बारिश 910.5 मिमी (35.85 इंच) है। यानी जिले में सामान्य से 41% कम बारिश हुई है। इसके बाद सरगुजा में 632.3 मिमी (24.89 इंच), कबीरधाम में 595.6 मिमी (23.45 इंच), कांकेर में 729.1 मिमी (28.71 इंच) और जशपुर में 765.8 मिमी (30.15 इंच) बारिश दर्ज की गई है।




