Home » जांजगीर » जांजगीर: भारतमाला मार्ग पर रेलिंग से टकराई बाइक, पति-पत्नी की मौत, बेटी गंभीर; एक अन्य हादसे में मजदूर की भी गई जान

जांजगीर: भारतमाला मार्ग पर रेलिंग से टकराई बाइक, पति-पत्नी की मौत, बेटी गंभीर; एक अन्य हादसे में मजदूर की भी गई जान

जांजगीर। जांजगीर-चांपा में बुधवार को दो अलग-अलग सड़क हादसे हुए। दोनों हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। पहला हादसा खिसोरा गांव के पास भारतमाला फोरलेन पर हुआ, जहां बाइक सवार पति-पत्नी की मौत हो गई और उनकी 16 साल की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।

दूसरा हादसा बुची हरदी गांव के पास हुआ, जहां सीमेंट से भरी पिकअप पलटने से पीछे बैठे एक मजदूर की मौत हो गई और दो अन्य युवक घायल हो गए। यह मामला बलौदा थाना क्षेत्र का है।

 - Dainik Bhaskar

पहला केस-भारतमाला मार्ग पर रेलिंग से टकराई बाइक

पहला हादसा खिसोरा गांव के पास भारतमाला फोरलेन मार्ग पर हुआ। बिलासपुर से बालको क्षेत्र के ग्राम बुंदेली लौट रहा एक परिवार बाइक (क्रमांक CG 12 AQ 9941) से जा रहा था। तभी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी साइड शोल्डर रेलिंग से टकरा गई।

इस हादसे में बाइक सवार दिलीप कोसले (40) और उनकी पत्नी ऊषा कोसले (36) की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी बेटी शिवानी कोसले (16) गंभीर रूप से घायल हो गई है।

सूचना मिलने पर बलौदा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बलौदा भेजा। गंभीर रूप से घायल शिवानी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।

दूसरा केस-पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलटी

दूसरा हादसा बुची हरदी गांव के आगे नीलकंठ पेट्रोल पंप के सामने हुआ। पुलिस के मुताबिक, सीमेंट से भरी एक पिकअप (नंबर CG 12 BG 4364) बलौदा से पोंडी दल्हा की ओर जा रही थी। अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।

पिकअप के पीछे बैठे चारपारा निवासी मनीराम (29) की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन में सवार दो अन्य युवक घायल हो गए। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस को सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने दोनों घटनाओं की जांच शुरू कर दी है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram