Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: प्रदेश में दो दिन भारी बारिश का अलर्ट, 15 जिलों में 60 किमी रफ्तार से चलेगी आंधी; बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत

छत्तीसगढ़: प्रदेश में दो दिन भारी बारिश का अलर्ट, 15 जिलों में 60 किमी रफ्तार से चलेगी आंधी; बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत

रायपुर । छत्तीसगढ़ में आज (24 सितंबर) बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। एक-दो जगह भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है।

रायपुर समेत 15 जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अलर्ट है। इस दौरान बारिश के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। बीते दिन प्रदेश में बिजली गिरने की घटनाओं में 4 लोगों की मौत हुई है।

बालोद में खेत में काम कर रही महिला की मौत हुई, जबकि दो महिलाएं घायल हो गईं। कांकेर में खेत में पेड़ के नीचे बैठे किसान की जान चली गई। वहीं बेमेतरा में तालाब के पास पेड़ के नीचे खड़े दो मजदूरों की बिजली गिरने से मौत हो गई।

मौसम के बीच तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है। पिछले 24 घंटे में राजनांदगांव में सबसे अधिक 32.5 डिग्री और पेंड्रा रोड में सबसे कम 21 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

बेमेतरा जिले में बिजली गिरने से 2 मजदूरों की मौत। - Dainik Bhaskar
बेमेतरा जिले में बिजली गिरने से 2 मजदूरों की मौत।
बालोद में खेत में बिजली गिरने से अनुसुइया बाई (40) की मौत हो गई। - Dainik Bhaskar
बालोद में खेत में बिजली गिरने से अनुसुइया बाई (40) की मौत हो गई।
बालोद में बिजली से झुलसी 2 महिलाओं का इलाज जारी है। - Dainik Bhaskar
बालोद में बिजली से झुलसी 2 महिलाओं का इलाज जारी है।
कांकेर में भी बिजली गिरने से किसान की मौत। - Dainik Bhaskar
कांकेर में भी बिजली गिरने से किसान की मौत।

40-60 किमी रफ्तार से हवा चलने का अलर्ट

इन जिलों में 40-60 किमी प्रति घंटे की तेज हवा:

कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली के कुछ हिस्सों में तेज हवा के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना है।

इन जिलों में 30-40 किमी रफ्तार से हवा:

सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, राजनांदगांव, रायगढ़, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही समेत कई जिलों में 30-40 किमी प्रति घंटे की हवा के साथ गरज-चमक और बारिश हो सकती है।

24-25 सितंबर को मध्य छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के असर से आज 24 सितंबर को दक्षिण छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं मध्य छत्तीसगढ़ में 24 और 25 सितंबर को बारिश बढ़ने के आसार हैं।

अगले दो दिनों में प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान है। कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।

रायपुर में 10.4 मिमी बारिश, तापमान 31.1 डिग्री

23 सितंबर को रायपुर में 10.4 मिमी बारिश दर्ज हुई। अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री और न्यूनतम 25.8 डिग्री रहा। शाम को हवा की औसत रफ्तार 1 किमी प्रति घंटे और हवा में नमी 87% दर्ज की गई।

प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री राजनांदगांव में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 21 डिग्री पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram