Home » खेल » एशियन गेम्स 2026: भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता सोना, ईरान को यूं दी शर्मनाक हार

एशियन गेम्स 2026: भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता सोना, ईरान को यूं दी शर्मनाक हार

नागोया: एशियन गेम्स 2026 में भारत को एक और गोल्ड मेडल मिला है। यह मेडल महिला कबड्डी टीम ने दिलाया है। एशियन गेम्स में यह भारत का तीसरा स्वर्ण पदक है। भारत ने ईरान को 37-34 के अंतर से मात दी। भारत ने इस मैच में पहले हाफ में ही 22-16 की बढ़त हासिल कर ली थी। इसके बाद ईरान की टीम ने दूसरे हाफ में वापसी की भरपूर कोशिश की। एक समय स्कोर 27-26 तक पहुंच गया था, लेकिन भारत की बेटियों ने लीड नहीं जाने दी और दमदार वापसी करते हुए देश के लिए स्वर्ण पदक जीत लिया। फाइनल मैच में संजू देवी ने कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने शानदार रेड कर भारत को जीत दिलाई।

भारत को शुरुआत से ही गोल्ड मेडल जीतने का दावेदार माना जा रहा था। टीम इंडिया ने अब तक अजेय रहते हुए सभी मैच जीते थे। इसके बाद टीम की कोच ने कहा था कि कबड्डी हमारा खेल है। यह भारत में ही शुरु हुआ और इसमें हमें कोई नहीं हरा सकता है। अब टीम इंडिया ने गोल्ड जीतकर अपने कोच के दावे को सही साबित किया है।

एशियन गेम्स में भारतीय टीम का सफर

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय टीम बिना कोई भी मैच हारे चैंपियन बनी है। टीम इंडिया ने अपने तीनों ग्रुप मुकाबले जीते फिर सेमीफाइनल और फाइनल में शानदार जीत हासिल कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। भारत ने अपने अभियान की शुरुआत बांग्लादेश पर 42-21 की जीत के साथ की थी, जिसके बाद ईरान को 37-23 से हराया। इसके बाद जापान पर 50-25 से शानदार हासिल की और ग्रुप-ए में टॉप पर रहते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में भारत ने नेपाल को 48-24 के अंतर से हराकर फाइनल में जगह बना ली। इसके बाद फाइनल में ईरान को 37-34 के अंतर से हराया।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram